Movie prime

पूजा पाल विवाद पर भाजपा का सपा पर हमला, पंकज चौधरी बोले—‘माफिया को माननीय बनाने का पाप सपा ने किया’
 

 
पूजा पाल विवाद पर भाजपा का सपा पर हमला, पंकज चौधरी बोले—‘माफिया को माननीय बनाने का पाप सपा ने किया’
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी I सपा की बागी विधायक पूजा पाल को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयान पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि एफआईआर उन लोगों पर होनी चाहिए, जिन्होंने पाल समाज के होनहार नेता राजू पाल की सरेआम हत्या कर प्रदेश को शर्मसार किया था।

पंकज चौधरी ने सपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी का राजनीतिक चरित्र हमेशा से माफिया, अपराध और संरक्षणवाद की राजनीति से जुड़ा रहा है। उन्होंने कहा कि माफिया को ‘माननीय’ बनाने का पाप सपा ने किया है और यही उसकी असलियत है।

उन्होंने आगे कहा कि सपा ने न सिर्फ राजू पाल के हत्यारों को पनाह दी, बल्कि उन्हें राजनीतिक संरक्षण भी दिया। आज वही लोग पूजा पाल के ‘गुमराह’ होने की बात कर रहे हैं, जो पाल समाज और प्रदेश की जनता का अपमान है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि अब पाल समाज पूरी तरह जागरूक हो चुका है और वह नकली सपाइयों को पहचानने लगा है। यह समाज अब तुष्टिकरण, भय और परिवारवाद की राजनीति से दूर होकर विकास, सुरक्षा और सम्मान की मुख्यधारा में शामिल हो चुका है।

सपा पर हमला जारी रखते हुए उन्होंने कहा कि जो लोग आज अपनी विधायक के जाने पर कहानी गढ़ रहे हैं, उन्हें पहले यह बताना चाहिए कि उनके शासनकाल में अपराधियों का मनोबल इतना ऊंचा क्यों था और प्रदेश की पहचान ‘जंगलराज’ से क्यों जुड़ गई थी।

चौधरी ने दावा किया कि स्वर्गीय राजू पाल की पत्नी भी यह कह चुकी हैं कि अगर सपा की सरकार होती तो शायद वह आज जीवित न होतीं। उन्होंने इसे सपा शासन की भयावह सच्चाई का प्रमाण बताया।