लखनऊ में बनेगा BJP का भव्य प्रदेश कार्यालय, 200 करोड़ रुपये की लागत
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भारतीय जनता पार्टी (BJP) जल्द ही अपना नया अत्याधुनिक प्रदेश कार्यालय बनाएगी। करीब 200 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस कार्यालय में डिजिटल वॉर रूम, हाईटेक सिक्योरिटी, 1000 सीटों वाला ऑडिटोरियम और बेसमेंट पार्किंग जैसी तमाम आधुनिक सुविधाएं होंगी।
रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में नए पार्टी कार्यालय के निर्माण को लेकर महत्वपूर्ण बैठक हुई। इस बैठक में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। सीएम योगी ने प्रस्तावित नक्शे को देखा और निर्माण से जुड़ी हर बारीकी पर चर्चा की। उन्होंने साफ निर्देश दिए कि कार्यालय का निर्माण सर्वोत्तम गुणवत्ता के साथ हो और इसमें सभी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हों।
जियामऊ में बनेगा नया मुख्यालय
नया प्रदेश कार्यालय लखनऊ के जियामऊ क्षेत्र में बनेगा। इसके लिए जरूरी जमीन पहले ही खरीद ली गई है। करीब 58 हजार वर्ग फीट क्षेत्र में फैला यह भवन दिल्ली से तैयार कराए गए डिजाइन के अनुसार बनेगा। पुराना प्रदेश कार्यालय भी पहले की तरह चालू रहेगा।
ये होंगी खास सुविधाएं
- 4-5 बड़े मीटिंग हॉल
- 1000 लोगों की क्षमता वाला आधुनिक प्रेक्षागृह
- डिजिटल वॉर रूम, इलेक्शन वॉर रूम और कॉल सेंटर
- अलग-अलग कैबिन प्रदेश अध्यक्ष, महामंत्री (संगठन), उपाध्यक्षों व चुनाव प्रभारियों के लिए
- आईटी सेल, लाइब्रेरी और गेस्ट हाउस
- स्मार्ट सिक्योरिटी सिस्टम
- बेसमेंट में विशाल पार्किंग सुविधा
