UP Alert! आखिर क्यों आज शाम 6 बजे पूरे प्रदेश में 10 मिनट का होगा ब्लैकआउट, बजेगा सायरन
लखनऊ I उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को सुरक्षा तैयारियों को परखने के लिए एक बड़ा राज्यव्यापी मॉक ड्रिल आयोजित किया जा रहा है। शाम ठीक 6 बजे से 6:10 बजे तक प्रदेश के सभी 75 जिलों में 10 मिनट का ब्लैकआउट रहेगा, जिसमें बिजली आपूर्ति अस्थायी रूप से बंद कर दी जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह कोई आपात स्थिति नहीं है, बल्कि युद्ध, हवाई हमला, आतंकी हमला या प्राकृतिक आपदा जैसी परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों का अभ्यास है।
यह मॉक ड्रिल नागरिक सुरक्षा विभाग के नेतृत्व में हो रही है, जिसका मुख्य उद्देश्य आपातकाल में प्रशासन, पुलिस, सिविल डिफेंस, फायर ब्रिगेड, स्वास्थ्य विभाग, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ जैसी एजेंसियों के समन्वय और प्रतिक्रिया क्षमता का परीक्षण करना है। शाम 6 बजे सायरन बजने के साथ ब्लैकआउट शुरू होगा, जिसके दौरान पूरे प्रदेश में अंधेरा छा जाएगा। सायरन हाई और लो टोन में बजेंगे, जो हवाई हमले की चेतावनी का प्रतीक होंगे।
राजधानी लखनऊ में मुख्य कार्यक्रम पुलिस लाइंस में आयोजित किया जा रहा है, जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे। यहां राहत-बचाव कार्यों, घायलों को अस्पताल पहुंचाने और आपात स्थिति में पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया का अभ्यास किया जाएगा। अन्य जिलों में भी स्थानीय स्तर पर टीमें अलर्ट रहेंगी और विभिन्न परिदृश्यों पर ड्रिल चलाएंगी।
यह अभ्यास उत्तर प्रदेश दिवस और नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के अवसर पर आयोजित किया गया है। सरकार का मानना है कि ऐसी मॉक ड्रिल से व्यवस्था की कमियों का पता चलता है, जिन्हें समय रहते दूर किया जा सकता है, जिससे भविष्य में किसी संकट में जान-माल का नुकसान कम हो सके।
जनता से अपील
प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि ब्लैकआउट के दौरान घबराएं नहीं। यह केवल एक अभ्यास है। घरों की लाइटें बंद रखें, बेवजह बाहर न निकलें, अफवाहों पर ध्यान न दें और शांत रहें। किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने से बचें।
