Movie prime

UP की 18 जिला अदालतों को बम से उड़ाने की धमकी! लखनऊ, मेरठ, अयोध्या समेत कई जिलों में हड़कंप

 
UP की 18 जिला अदालतों को बम से उड़ाने की धमकी! लखनऊ, मेरठ, अयोध्या समेत कई जिलों में हड़कंप
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

Lucknow : उत्तर प्रदेश के 18 जिला अदालतों को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने से प्रशासन और पुलिस अलर्ट मोड पर आ गए हैं। धमकी भरे ई-मेल में दोपहर 12:15 बजे अदालत परिसरों में विस्फोट करने की बात कही गई है। सूचना मिलते ही सभी प्रभावित जिलों में कोर्ट परिसर खाली करा लिए गए और सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है।

किन-किन जिलों को मिली धमकी? 

प्राप्त जानकारी के अनुसार राजधानी लखनऊ, मेरठ, अयोध्या, वाराणसी, आजमगढ़, अमरोहा समेत कुल 18 जिला अदालतों को यह धमकी भरा ई-मेल प्राप्त हुआ है। धमकी मिलने के बाद संबंधित जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों ने तत्काल बैठकें कीं और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए।

पुलिस-बम स्क्वॉयड की तलाशी जारी

धमकी मिलते ही पुलिस और बम निरोधक दस्ता (बम स्क्वॉयड) की टीम मौके पर पहुंच गई। कोर्ट परिसरों में चप्पे-चप्पे की तलाशी ली जा रही है। हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर (HHMD), डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर (DFMD) और स्निफर डॉग्स की मदद से सघन जांच की जा रही है। अभी तक किसी भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक के मिलने की कोई सूचना नहीं है।

दो दिन पहले भी मिली थी धमकी 

बता दें कि दो दिन पहले भी यूपी की कई जिला अदालतों को इसी तरह की बम धमकी मिली थी, जो बाद में फर्जी साबित हुई। लेकिन आज फिर से 18 जिलों में एक साथ धमकी मिलना बेहद चिंताजनक है। पुलिस अब ई-मेल भेजने वाले की पहचान करने और उसके आईपी एड्रेस, लोकेशन तथा मकसद की जांच में जुटी हुई है।

प्रशासन की अपील  

जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षकों ने जनता से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और शांत रहें। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि या वस्तु की सूचना तुरंत पुलिस को दें। सभी अदालत परिसरों में सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है।