Movie prime

प्रेमिका की सगाई की खबर से टूटा प्रेमी, फंदे से लटककर दी जान

 
...
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

गोरखपुर के गुलरिहा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। प्रेमिका की सगाई की चर्चा से आहत एक वार्ड ब्वाय ने फंदे से लटककर जान दे दी। युवक का शव घर की छत पर बने कमरे में साड़ी के सहारे लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

मृतक की पहचान सुमित निषाद के रूप में हुई है, जो शहर के एक निजी अस्पताल में वार्ड ब्वाय के पद पर कार्यरत था। उसकी मां मेडिकल कॉलेज में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हैं।

खेत गए थे परिजन, घर में अकेला था सुमित

परिजनों के अनुसार मंगलवार सुबह परिवार के सदस्य धान की रोपाई के लिए खेत गए थे। सुमित को घर पर रहने और जरूरत पड़ने पर ठेला लेकर आने के लिए कहा गया था। सुबह करीब साढ़े दस बजे जब परिजनों ने कई बार फोन किया तो उसने कॉल रिसीव नहीं की।

चिंतित होकर उसका छोटा भाई अमित घर पहुंचा। घर की छत पर बने कमरे में जाकर देखा तो सुमित साड़ी के फंदे के सहारे छत की कुंडी से लटका हुआ था। यह दृश्य देखकर वह चीख पड़ा। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और घटना की जानकारी परिवार के अन्य सदस्यों को दी गई।

तीन साल से था प्रेम संबंध

ग्रामीणों के मुताबिक सुमित का पड़ोस की एक युवती से करीब तीन वर्षों से प्रेम संबंध था। दोनों के विवाह की संभावना भी जताई जा रही थी, लेकिन कुछ समय पहले युवती का रिश्ता किसी अन्य स्थान पर तय कर दिया गया था।

बताया जा रहा है कि मंगलवार को युवती की सगाई होने की चर्चा थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह जानकारी मिलने के बाद से सुमित काफी तनाव और मानसिक परेशानी में था।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। क्षेत्राधिकारी गोरखनाथ रवि कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों से प्राप्त जानकारी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल युवक की मौत से परिवार और गांव में शोक का माहौल है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।