AKTU में बीटेक परीक्षा का पेपर वायरल, जांच शुरू
लखनऊ। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम तकनीकी विश्वविद्यालय (एकेटीयू) में बीटेक छठे सेमेस्टर की परीक्षा के दौरान पेपर वायरल होने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि बृहस्पतिवार को दूसरी पाली में आयोजित परीक्षा का प्रश्नपत्र परीक्षा शुरू होने के कुछ ही समय बाद व्हाट्सएप ग्रुप पर पहुंच गया।
मामले की जानकारी मिलते ही विश्वविद्यालय प्रशासन में हड़कंप मच गया। विश्वविद्यालय ने तत्काल जांच के आदेश देते हुए संबंधित परीक्षा केंद्रों की सीसीटीवी फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। साथ ही परीक्षा से जुड़े कंप्यूटर सिस्टम और अन्य तकनीकी उपकरणों को भी सील कर दिया गया है।
विश्वविद्यालय अधिकारियों का कहना है कि पेपर लीक या वायरल होने की आशंका को गंभीरता से लिया जा रहा है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि प्रश्नपत्र किस माध्यम से बाहर पहुंचा और इसमें किन लोगों की भूमिका रही।
एकेटीयू प्रशासन ने साफ किया है कि दोषियों की पहचान होने पर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं छात्रों के बीच इस घटना को लेकर चिंता और नाराजगी भी देखने को मिल रही है।
