Movie prime

होली पर गोरखपुर में सीएम योगी की सख्ती, ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति दोहराई; आयुष्मान कार्ड बिना भी होगा इलाज

 
होली पर गोरखपुर में सीएम योगी की सख्ती, ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति दोहराई; आयुष्मान कार्ड बिना भी होगा इलाज
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

गोरखपुर। होलिकोत्सव के अवसर पर गोरखपुर पहुंचे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कानून-व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अपराध और अपराधियों के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति को सख्ती से लागू रखने के निर्देश दिए। उन्होंने होली के मद्देनज़र सुरक्षा व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखने और हुड़दंग करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

मुख्यमंत्री ने रंगों के पर्व होली पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। मंगलवार को गोरखनाथ मंदिर के बैठक कक्ष में प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर की सड़कों को अतिक्रमणमुक्त रखना प्राथमिकता होनी चाहिए। रेहड़ी-पटरी दुकानदारों को व्यवस्थित ढंग से स्थापित किया जाए और वाहनों की पार्किंग निर्धारित स्थलों पर ही सुनिश्चित कराई जाए, ताकि त्योहार के दौरान यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो।

बैठक में एडीजी मुथा अशोक जैन, कमिश्नर अनिल ढींगरा, डीआईजी डॉ. एस चनप्पा, एसएसपी डॉ. कौस्तुभ समेत प्रशासन, पुलिस और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

इससे पहले मुख्यमंत्री ने सुबह मंदिर परिसर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में करीब 150 लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित व संतोषजनक समाधान का आश्वासन दिया।

उन्होंने कहा कि किसी भी जरूरतमंद के इलाज में धन की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी। आयुष्मान कार्ड न होने की स्थिति में भी गंभीर बीमारियों का उपचार कराया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी, ताकि कोई भी गरीब इलाज से वंचित न रहे।