Movie prime

अखिलेश यादव को CM योगी ने खास अंदाज में दी जन्मदिन की बधाई, केशव प्रसाद मौर्य के संदेश में दिखा सियासी तंज

 
Akhilesh
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के जन्मदिन पर राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर सत्ता और विपक्ष के कई वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री आदित्यानाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती ने सोशल मीडिया के जरिए उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संदेश में लिखा, "उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को जन्मदिन की हार्दिक बधाई। प्रभु श्रीराम से आपके उत्तम स्वास्थ्य, आरोग्यता और दीर्घायु जीवन की प्रार्थना करता हूं।"

वहीं उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "समाजवादी पार्टी प्रमुख, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं सांसद अखिलेश यादव को जन्मदिन की हार्दिक बधाई और ढेरों शुभकामनाएं। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम, भगवान श्रीकृष्ण और आदिदेव महादेव की कृपा आप पर बनी रहे तथा आप सदैव स्वस्थ एवं दीर्घायु रहें।" उनके इस संदेश को राजनीतिक गलियारों में शिष्टाचार के साथ-साथ सियासी संकेत के तौर पर भी देखा जा रहा है।

बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती ने भी अखिलेश यादव को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए लिखा, "समाजवादी पार्टी के प्रमुख एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री तथा वर्तमान सांसद अखिलेश यादव को उनके जन्मदिन पर हार्दिक बधाई। उनके अच्छे स्वास्थ्य, सुखद जीवन और दीर्घायु की कामना करती हूं। साथ ही उनके परिवार को भी शुभकामनाएं।"

अखिलेश यादव के जन्मदिन पर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने भी उन्हें सोशल मीडिया के माध्यम से शुभकामनाएं दीं। उनके आवास पर भी बधाई देने वालों का तांता लगा रहा।