CM योगी की हाईलेवल बैठक आज, कानून व्यवस्था से लेकर NEET परीक्षा और मोहर्रम की तैयारियों की होगी समीक्षा
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार रात प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक करेंगे। मुख्यमंत्री आवास पर रात 9 बजे आयोजित होने वाली यह बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से होगी, जिसमें प्रदेशभर के प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी शामिल होंगे।
बैठक में आगामी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस, मोहर्रम, NEET परीक्षा समेत प्रदेश की समग्र कानून व्यवस्था और सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की जाएगी। मुख्यमंत्री विभिन्न जिलों की स्थिति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी देंगे।
समीक्षा बैठक में प्रदेश के सभी मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, पुलिस कमिश्नर, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और पुलिस अधीक्षक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़ेंगे। इसके अलावा सभी एडीजी, आईजी और डीआईजी स्तर के अधिकारी भी बैठक में मौजूद रहेंगे।
लखनऊ से अपर मुख्य सचिव गृह और डीजीपी भी बैठक में भाग लेंगे। वहीं नगर आयुक्त, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, कृषि, वन, ऊर्जा, पर्यटन, आयुष, पंचायती राज, लोक निर्माण विभाग (PWD), नगर विकास, परिवहन, खाद्य एवं रसद तथा शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी बैठक से जुड़ेंगे।
सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आगामी त्योहारों, परीक्षाओं और सार्वजनिक आयोजनों को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाओं तथा अन्य जरूरी व्यवस्थाओं की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करेंगे। साथ ही जिलों में चल रही विकास योजनाओं और जनहित से जुड़े मुद्दों पर भी अधिकारियों से रिपोर्ट ली जा सकती है।
प्रदेश में कानून व्यवस्था को लेकर सरकार लगातार सतर्कता बरत रही है। ऐसे में मुख्यमंत्री की यह समीक्षा बैठक प्रशासनिक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
