विधानभवन में CM योगी ने फहराया तिरंगा, पहली बार ‘वंदे मातरम्’ के बाद हुआ राष्ट्रगान
लखनऊ। 80वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर शनिवार को पूरा उत्तर प्रदेश देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। राजधानी लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधानभवन परिसर में ध्वजारोहण किया। इस दौरान पहली बार राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का गायन हुआ, जिसके बाद राष्ट्रगान किया गया। समारोह के दौरान हेलीकॉप्टर से विधानभवन परिसर में पुष्पवर्षा भी की गई।
ध्वजारोहण के बाद कलाकारों ने बुंदेलखंड, ब्रज और पूर्वांचल के लोकगीतों पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समारोह में भारतीय लोक संस्कृति की छटा बिखेरी। जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, असम और अरुणाचल प्रदेश से आए कलाकारों ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस अवसर पर शहीदों और राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित जवानों के परिजनों को सम्मानित किया। समारोह में मुख्यमंत्री भगवा पगड़ी में नजर आए, जबकि उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक धोती-कुर्ता पहने दिखाई दिए। इससे पहले मुख्यमंत्री ने अपने सरकारी आवास पर भी ध्वजारोहण किया।
देश को कमजोर करने वाली ताकतों से सतर्क रहने का आह्वान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को अराजकता और अशिक्षा से मुक्त करने के लिए देश को कमजोर करने वाली ताकतों से सतर्क रहने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि देश में गरीब, युवा, महिला और किसान चार प्रमुख वर्ग हैं और इनके कल्याण के लिए काम करने से बेहतर परिणाम हासिल किए जा सकते हैं।
योगी का दावा- 4 करोड़ से ज्यादा रोजगार का सृजन
मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि सुशासन के मॉडल के प्रभाव से पिछले नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश में 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश आया है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में 4 करोड़ से ज्यादा रोजगार का सृजन हुआ है और बड़े उद्योगों की संख्या ढाई गुना बढ़ी है।
योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में 22 हजार से अधिक स्टार्टअप संचालित हो रहे हैं, जबकि 9 लाख से ज्यादा युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। उन्होंने इंसेफ्लाइटिस जैसी संचारी बीमारियों पर नियंत्रण का भी दावा किया।
मुख्यमंत्री ने शिक्षा क्षेत्र का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश में स्कूलों की ड्रॉपआउट दर 19 प्रतिशत से घटकर करीब 3 प्रतिशत रह गई है। पिछले नौ वर्षों में शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक और रसोइयों को उचित मानदेय उपलब्ध कराया गया है।
तिरंगे से सजा पूरा उत्तर प्रदेश
स्वतंत्रता दिवस पर प्रदेशभर में घरों, दुकानों, सरकारी और गैर-सरकारी इमारतों पर तिरंगा लहराता नजर आया। चौराहों और सरकारी कार्यालयों को तिरंगे से सजाया गया। जगह-जगह ध्वजारोहण, तिरंगा यात्राओं और देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए।
