ललिता गौतम प्रकरण पर CM योगी सख्त: परिजनों से मिले, बोले- दोषी बचेंगे नहीं; ₹5 लाख की सहायता और...
गाजियाबाद। मेरठ की दिवंगत दलित छात्रा ललिता गौतम के परिजनों से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को गाजियाबाद स्थित पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया और भरोसा दिलाया कि मामले में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस जघन्य अपराध के प्रत्येक दोषी के खिलाफ कानून के तहत कठोरतम कार्रवाई की जाएगी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी।
सीएम योगी ने प्रकरण की विवेचना में किसी भी स्तर पर लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को अभियोजन की प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करने और दोषियों को कठोरतम दंड दिलाने के लिए सभी जरूरी कानूनी कदम उठाने को कहा।
पीड़ित परिवार को तत्काल राहत देते हुए मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से ₹5 लाख की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा मृतका के पिता और परिवार के एक अन्य पात्र सदस्य को मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत आवास उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि परिवार को आयुष्मान भारत योजना, राशन कार्ड समेत सभी पात्र सरकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए।
इस दौरान समाज कल्याण मंत्री और मेरठ के जिला प्रभारी मंत्री असीम अरुण समेत वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
