बेटियों की मुस्कान से खिल उठा मुख्यमंत्री आवास, CM योगी की कलाई पर बंधी राखी, बोले- आपके सपनों को देंगे पंख
रक्षाबंधन पर लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आवास पर ‘बिटिया और बहना-यूपी का गहना’ स्नेह बंधन कार्यक्रम हुआ। स्कूली छात्राओं ने सीएम योगी को राखी बांधी। मुख्यमंत्री ने बच्चियों से संवाद कर शिक्षा, सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन का भरोसा दिया। नंदिनी ने उन्हें हाथ से बनाया बधाई कार्ड भी भेंट किया।
लखनऊ। रक्षाबंधन के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सरकारी आवास पर शुक्रवार को ‘बिटिया और बहना-यूपी का गहना’ स्नेह बंधन कार्यक्रम आयोजित हुआ। विभिन्न स्कूलों से पहुंची छात्राओं ने मुख्यमंत्री की कलाई पर राखी बांधी और उनके स्वस्थ एवं दीर्घ जीवन की कामना की। मुख्यमंत्री ने भी बच्चियों से आत्मीय संवाद किया, उन्हें आशीर्वाद दिया और सुरक्षा, सम्मान व स्वावलंबन के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री आवास का माहौल पूरी तरह पारिवारिक और आत्मीय नजर आया। बच्चियों ने मुख्यमंत्री को तिलक लगाकर राखी बांधी। मुख्यमंत्री ने उनकी पढ़ाई और भविष्य से जुड़े सवाल पूछे तथा उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने, लक्ष्य निर्धारित करने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
रक्षाबंधन श्रद्धा, प्रेम और सामाजिक समरसता का प्रतीक
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में रक्षाबंधन केवल भाई की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधने का पर्व नहीं है। यह श्रद्धा, प्रेम, विश्वास, जिम्मेदारी और सामाजिक समरसता का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार बहनों की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। सरकार बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और बेहतर भविष्य के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बेटियां केवल परिवार की नहीं, बल्कि प्रदेश और देश की शक्ति हैं। उन्हें आगे बढ़ने के समान अवसर देना और उनके सपनों को पंख देना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने बच्चियों से कहा कि वे खूब पढ़ें, अपने लक्ष्य तय करें और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें।
बच्चियों ने बांधी स्नेह की डोर
कार्यक्रम में अद्रिका, अर्पिता, अंशिका, जाह्नवी, अंकिता, कोमल, आरोही, खुशी, दिव्या, अनायसा, स्तुति और तंजीम फातिमा समेत अन्य छात्राओं ने मुख्यमंत्री को तिलक लगाकर राखी बांधी।
मुख्यमंत्री ने बच्चियों को आशीर्वाद और उपहार दिए। राखी बांधने के दौरान बच्चियों में खास उत्साह नजर आया। इस मौके पर भाई-बहन के स्नेह के साथ बेटियों की सुरक्षा और सम्मान के प्रति सरकार के संकल्प का संदेश भी सामने आया।
कई स्कूलों की छात्राएं हुईं शामिल
‘स्नेह बंधन’ कार्यक्रम में कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय मलिहाबाद, उच्च प्राथमिक विद्यालय महमूदपुर गोसाईगंज, भारत स्काउट एंड गाइड्स, द संस्कृति स्कूल, अटल आवासीय विद्यालय मोहनलालगंज, एपी सेन मेमोरियल गर्ल्स इंटर कॉलेज और लखनऊ पब्लिक कॉलेज ए-ब्लॉक राजाजीपुरम समेत कई विद्यालयों की छात्राएं शामिल हुईं।
छात्राओं ने मुख्यमंत्री से किए सवाल
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने छात्राओं से संवाद भी किया। शैल कुमारी, अनन्या, समृद्धि वर्मा, आयशा बानो, वैष्णवी पाल, दिव्या, अभिलाषा सिंह, आराध्या, श्रेयसी, सृजा, अग्रिमा, माही, याशिका, अनंशी और सुकैना समेत छात्राओं ने मुख्यमंत्री से बातचीत की और उनसे सवाल पूछे। मुख्यमंत्री ने छात्राओं के सवालों के जवाब दिए।
संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने संस्कृति स्कूल की छात्रा अनायसा भार्गव को ऑटोग्राफ भी दिया, जिससे बच्ची काफी उत्साहित नजर आई।
नंदिनी ने भेंट किया हाथ से बनाया कार्ड
उच्च प्राथमिक विद्यालय महमूदपुर की कक्षा आठ की छात्रा नंदिनी ने मुख्यमंत्री को अपने हाथों से बनाया रक्षाबंधन बधाई कार्ड भेंट किया। मुख्यमंत्री ने कार्ड देखकर नंदिनी का उत्साह बढ़ाया और उसकी हौसलाअफजाई की।
मुख्यमंत्री ने बच्चियों संग ली सेल्फी
कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने बच्चियों के साथ सेल्फी ली और उनके साथ फोटो भी खिंचवाई। मुख्यमंत्री के साथ तस्वीर खिंचवाने को लेकर छात्राओं में खासा उत्साह दिखाई दिया।
इस अवसर पर ‘फ्रेंड्स ऑफ योगी परिवार’ की वालंटियर्स ने भी मुख्यमंत्री को राखी भेजकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं प्रेषित कीं। कार्यक्रम में स्नेह और अपनत्व के साथ बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन का संदेश प्रमुखता से सामने आया।
