CM योगी सख्त: 24 घंटे में मुआवजा देने का आदेश, डीएम को फील्ड में उतरने के निर्देश
लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में आंधी, अति वर्षा और आकाशीय बिजली से हुई जनहानि को गंभीरता से लेते हुए पूरे प्रशासन को अलर्ट मोड पर रख दिया है।
सीएम योगी ने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरा शोक व्यक्त करते हुए संवेदना जताई है। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि घायलों का त्वरित और समुचित इलाज सुनिश्चित किया जाए तथा सभी प्रभावित परिवारों को 24 घंटे के अंदर राहत राशि उपलब्ध करा दी जाए।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को फील्ड में रहकर स्थिति की लगातार निगरानी करने और शासन के साथ समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।
मौसम विभाग की चेतावनी
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में कई जिलों में तेज आंधी, भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान घरों के अंदर ही रहें, खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें।
प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव टीमें पूरी तरह सक्रिय हैं। मुख्यमंत्री ने कहा है कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध रहेंगे।
सीएम योगी का संदेश
"जनहानि, पशुहानि या घायलों की किसी भी प्रकार की उपेक्षा स्वीकार्य नहीं है। प्रशासन का हर अधिकारी मैदान में रहकर कार्य करे और पीड़ितों को तत्काल मदद पहुंचाए।"
