उत्तर भारत के प्राचीन सिक्कों पर अब तक का सबसे बड़ा संग्रह, सीएम योगी करेंगे पुस्तक लॉन्च
Lucknow : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को ‘प्रारंभिक उत्तर भारत और इसके सिक्के’ पुस्तक का विमोचन करेंगे। यह कार्यक्रम मुख्यमंत्री के 5, कालिदास मार्ग स्थित सरकारी आवास पर गुरुवार शाम 6.30 बजे आयोजित होगा।
पुस्तक के लेखक देवेन्द्र हांडा तथा अनुवादक मनीष वर्मा हैं, जबकि इसका संग्रह हिंदुजा फाउंडेशन द्वारा किया गया है। यह पुस्तक उत्तरी भारत के स्वदेशी प्रारंभिक ऐतिहासिक सिक्कों की अब तक की सबसे बड़ी संख्या पर आधारित मानी जा रही है, जिसमें उनके चित्रण और विश्लेषण को विशेष रूप से प्रस्तुत किया गया है।
पुस्तक में प्रारंभिक ऐतिहासिक काल के दौरान उत्तर भारत के इतिहास, संस्कृति, कला, प्रतिमा विज्ञान, धातु विज्ञान, प्रौद्योगिकी, व्यापार एवं व्यापारिक मार्गों, साथ ही जन-प्रवास पर मुद्राशास्त्र के प्रभाव को विस्तार से दर्शाया गया है। शोध और ऐतिहासिक दृष्टि से यह कृति इतिहासकारों, शोधार्थियों और संस्कृति में रुचि रखने वाले पाठकों के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
