CM योगी करेंगे प्रेरणा पार्क का लोकार्पण, श्यामा प्रसाद मुखर्जी, अटल बिहारी वाजपेयी और अशोक सिंघल की प्रतिमाओं का होगा अनावरण
प्रयागराज। संगम नगरी प्रयागराज के काली घाट स्थित 'प्रेरणा पार्क' में सोमवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी और भारतीय संस्कृति के संवाहक अशोक सिंघल की प्रतिमाओं का अनावरण करेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट साझा कर इसे प्रयागराज के गौरवशाली इतिहास में राष्ट्र चेतना, सांस्कृतिक अस्मिता और प्रेरणादायी विरासत से जुड़ा नया अध्याय बताया।
सीएम योगी ने अपने संदेश में कहा कि काली घाट स्थित प्रेरणा पार्क का लोकार्पण केवल एक विकास परियोजना नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के महान पुरोधाओं के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने की महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, अटल बिहारी वाजपेयी और अशोक सिंघल की प्रतिमाओं का अनावरण राष्ट्रीय स्वाभिमान, सांस्कृतिक गौरव और जनसेवा के मूल्यों को नई ऊर्जा प्रदान करेगा।
वहीं, प्रयागराज के मेयर उमेश चंद्र गणेश केसरवानी ने बताया कि प्रयागराज देश के सबसे प्राचीन और ऐतिहासिक नगरों में से एक है, जहां गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती का संगम पूरे देश को आध्यात्मिक रूप से जोड़ता है। ऐसे पावन स्थल पर नगर निगम द्वारा तीन महान राष्ट्रीय विभूतियों की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का केंद्र बनेंगी।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती के अवसर पर इन प्रतिमाओं का अनावरण करेंगे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों और आम लोगों के शामिल होने की संभावना है।
मेयर के अनुसार, काली घाट स्थित प्रेरणा पार्क को आधुनिक सुविधाओं से विकसित किया गया है। यहां फूड जोन, रेस्टोरेंट, नौकायन (जल क्रीड़ा) सहित पर्यटकों के लिए कई आकर्षक व्यवस्थाएं की गई हैं। भविष्य में इसे प्रयागराज के प्रमुख पर्यटन स्थलों में विकसित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यह पार्क केवल पर्यटन का केंद्र नहीं होगा, बल्कि राष्ट्रवाद, संस्कृति और समाज सेवा के मूल्यों को बढ़ावा देने वाला एक वैचारिक प्रेरणा स्थल भी बनेगा, जहां लोग देश और समाज के लिए महान विभूतियों के योगदान से प्रेरणा प्राप्त कर सकेंगे।
