Movie prime

रील बनाने वाले सरकारी कर्मचारियों को CM योगी की नसीहत, बोले- ड्यूटी के दौरान सोशल मीडिया नहीं, जिम्मेदारी निभाएं
 

 
 रील बनाने वाले सरकारी कर्मचारियों को CM योगी की नसीहत, बोले- ड्यूटी के दौरान सोशल मीडिया नहीं, जिम्मेदारी निभाएं
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ड्यूटी के दौरान सोशल मीडिया पर रील बनाने वाले सरकारी कर्मचारियों और पुलिसकर्मियों को कड़ी नसीहत दी है। उन्होंने कहा कि कार्य समय में रील बनाना अनुशासनहीनता का हिस्सा है और इससे सरकारी व्यवस्था की छवि प्रभावित होती है। कर्मचारियों को अपने कर्तव्यों के प्रति गंभीर और सजग रहना चाहिए।

बुधवार को लखनऊ स्थित लोक भवन में नवनियुक्त 930 कंप्यूटर ऑपरेटरों को नियुक्ति पत्र वितरित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अक्सर देखा जाता है कि कुछ लोग ड्यूटी के दौरान रील बनाने में व्यस्त रहते हैं। यह उचित नहीं है। उस समय कर्मचारियों को अपने कार्य और जिम्मेदारियों पर ध्यान देना चाहिए, न कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने पर।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हमें ऐसा कोई कार्य नहीं करना चाहिए, जिससे हम अनावश्यक रूप से हंसी का पात्र बनें। इससे सरकारी तंत्र पर भी सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति अपनी जिम्मेदारी को ईमानदारी से निभाता है, उसके कार्य के परिणाम स्वयं दिखाई देते हैं। बेहतर परिणामों के लिए सभी को टीम भावना के साथ काम करना होगा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले त्योहारों और उत्सवों के दौरान प्रदेश में दंगे और उपद्रव आम बात थे। मुरादाबाद की एक घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उस समय भीड़ ने डीआईजी स्तर के अधिकारी पर हमला कर दिया था। लेकिन आज उत्तर प्रदेश में कानून का राज स्थापित हुआ है और व्यवस्था पहले से कहीं अधिक मजबूत हुई है।