Movie prime

CM योगी की अपील: मंत्रियों की फ्लीट में 50% कटौती, नो व्हीकल डे और वर्क फ्रॉम होम को बढ़ावा
 

 
 CM योगी की अपील: मंत्रियों की फ्लीट में 50% कटौती, नो व्हीकल डे और वर्क फ्रॉम होम को बढ़ावा
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान में शामिल होने की अपील की है। सीएम योगी ने ईंधन की खपत कम करने, अनावश्यक सोने की खरीदारी से बचने और स्वदेशी को प्रोत्साहन देने की अपील की। 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुख्य सचिव, डीजीपी और सभी विभागों के अपर मुख्य सचिव व प्रमुख सचिवों के साथ बैठक में विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए। 

फ्लीट और वाहनों में कटौती

सीएम ने निर्देश दिया कि मुख्यमंत्री और मंत्रियों की फ्लीट में तत्काल 50 प्रतिशत कमी की जाए। काफिले से अनावश्यक वाहनों को हटा दिया जाए।

नो व्हीकल डे और पब्लिक ट्रांसपोर्ट

मुख्यमंत्री ने कहा कि सप्ताह में एक दिन नो व्हीकल डे मनाया जाए। मंत्री, सांसद, विधायक और जनप्रतिनिधि इस दिन पब्लिक ट्रांसपोर्ट का उपयोग करें। इस अभियान में सरकारी कर्मचारियों, स्कूल-कॉलेज के छात्रों और समाज के सभी वर्गों को जोड़ा जाए।

वर्क फ्रॉम होम को बढ़ावा

प्रदेश में वर्क फ्रॉम होम संस्कृति को प्राथमिकता दी जाए। बड़े औद्योगिक संस्थानों, स्टार्टअप्स और जहां बड़ी संख्या में कर्मचारी कार्यरत हैं, वहां सप्ताह में दो दिन वर्क फ्रॉम होम की सिफारिश के लिए राज्य स्तर पर एडवाइजरी जारी की जाए। सरकारी बैठकों, सेमिनार, कॉन्फ्रेंस और वर्कशॉप का आयोजन वर्चुअल माध्यम से किया जाए। राज्य सचिवालय और निदेशालय की 50 प्रतिशत आंतरिक बैठकें भी वर्चुअल हों।

ईंधन बचत और परिवहन
- पीएनजी, मेट्रो, पब्लिक ट्रांसपोर्ट और UPSRTC की बसों के उपयोग पर जोर।
- पीक ऑवर में ईंधन बचाने के लिए कार्यालय समय को अलग-अलग बैच में बांटा जाए।
- साइक्लिंग, कार पूलिंग और इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) को प्रोत्साहित किया जाए।
- स्कूलों में स्कूली बसों और परिवहन निगम की बसों के उपयोग को बढ़ावा।

बिजली बचत और पर्यावरण

मुख्यमंत्री ने विद्युत बचाने की अपील की। सरकारी भवनों, घरों और निजी प्रतिष्ठानों में अनावश्यक बिजली का उपयोग न हो। रात 10 बजे के बाद सजावटी लाइटों का न्यूनतम प्रयोग हो। सार्वजनिक साइकिल शेयरिंग योजना को बढ़ावा दिया जाए।

स्वदेशी, पर्यटन और शादियां

सीएम योगी ने अगले छह माह तक गैर-जरूरी विदेश यात्राएं टालने की अपील की। शादियां और अन्य आयोजन देश में ही करने की सलाह दी। उत्तर प्रदेश में हेरिटेज, ईको साइट्स और किलों को डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए प्रोत्साहित किया जाए। *विजिट माई स्टेट* अभियान चलाया जाए। संग्रहालयों और स्मारकों को कुछ समय के लिए निशुल्क करने के निर्देश दिए गए।

खाद्य तेल की बचत और स्वास्थ्य

प्रदेशवासियों से खाद्य तेल के उपयोग में कमी लाने का आग्रह किया गया। स्वास्थ्य विभाग पोषण जागरूकता शिविर लगाए। होटल, हलवाई, रेस्तरां और स्ट्रीट फूड यूनियनों के साथ संवाद कर कम तेल वाले व्यंजनों को बढ़ावा दिया जाए।

अन्य महत्वपूर्ण निर्देश
- कृषि विभाग नेचुरल फार्मिंग और गोबर के उपयोग को बढ़ावा दे।
- पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत रूफटॉप सोलर को प्रोत्साहित करें।
- पीएनजी नेटवर्क का मिशन मोड पर विस्तार।
- त्योहारों और आयोजनों में स्थानीय ODOP, GI टैग उत्पादों और स्वदेशी वस्तुओं को उपहार स्वरूप दें।
- ज्वेलर्स एसोसिएशन के साथ बैठक कर अनावश्यक सोने की खरीद कम करने पर चर्चा।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि दुनिया में हो रही उथल-पुथल को देखते हुए सभी को सावधानी बरतनी होगी और प्रधानमंत्री के आह्वान का पूर्ण रूप से पालन किया जाना चाहिए।