देवरिया में CM योगी का सपा-कांग्रेस पर हमला, बोले- पिछली सरकारों ने यूपी को बनाया था बीमारू
देवरिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देवरिया में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने पिछली सरकारों पर एन्सेफलाइटिस, माफिया राज और भ्रष्टाचार को लेकर गंभीर आरोप लगाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश ने पिछले वर्षों में अपनी छवि बदली है और अब प्रदेश को बीमारू राज्य के रूप में नहीं देखा जाता।
एन्सेफलाइटिस को लेकर पिछली सरकारों पर निशाना
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि एन्सेफलाइटिस केवल एक बीमारी नहीं थी, बल्कि यह पिछली सरकारों की "बीमार सोच" का परिणाम थी। उन्होंने दावा किया कि चार दशक से अधिक समय में इस बीमारी के कारण 50 हजार से ज्यादा मासूमों की जान गई।
योगी ने आरोप लगाया कि तत्कालीन सरकारों के अधिकारी भी इस गंभीर समस्या को लेकर संवेदनशील नहीं थे। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के शासनकाल में किसी मुख्यमंत्री या प्रधानमंत्री ने पीड़ित परिवारों के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझने का प्रयास नहीं किया।
'माफिया का चलता था समानांतर शासन'
मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों पर प्रदेश में माफिया राज को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि एक समय उत्तर प्रदेश में माफिया का समानांतर शासन चलता था और गरीबों, व्यापारियों तथा आम लोगों में असुरक्षा का माहौल था।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उनकी सरकार ने कानून-व्यवस्था को मजबूत करते हुए माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। उन्होंने कहा कि बेटियों और व्यापारियों की सुरक्षा के लिए खतरा बनने वालों के लिए अब जेल ही जगह है।
'एक जिला, एक माफिया' से 'एक जिला, एक मेडिकल कॉलेज'
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब हालात बदल चुके हैं। पहले "एक जिला, एक माफिया" की चर्चा होती थी, लेकिन अब "एक जिला, एक मेडिकल कॉलेज" की दिशा में काम हो रहा है।
उन्होंने देवरिया और कुशीनगर में मेडिकल कॉलेजों का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि जिस तरह माफिया के खिलाफ कार्रवाई की गई, उसी तरह एन्सेफलाइटिस जैसी बीमारी पर भी प्रभावी नियंत्रण हासिल किया गया है।
जेपीएनआईसी को लेकर सपा पर भ्रष्टाचार का आरोप
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ स्थित जयप्रकाश नारायण इंटरनेशनल सेंटर (जेपीएनआईसी) को लेकर भी समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि परियोजना की शुरुआती अनुमानित लागत करीब 200 करोड़ रुपये थी, लेकिन सपा सरकार के दौरान इस पर करीब 864 करोड़ रुपये खर्च किए गए और इसके बावजूद परियोजना अधूरी रह गई।
योगी ने आरोप लगाया कि सपा सरकार की योजना इस परियोजना को आगे चलाकर राज्य के खजाने से करीब 900 से 1000 करोड़ रुपये खर्च करने और इसे एक निजी कंपनी के माध्यम से संचालित कराने की थी। उन्होंने इसे बड़े भ्रष्टाचार की योजना करार दिया।
'सपा को जनता से माफी मांगनी चाहिए'
मुख्यमंत्री ने सपा नेतृत्व पर भी तीखा कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि 26 तारीख को निशुल्क बस यात्रा योजना शुरू होने के बाद समाजवादी पार्टी का "बबुआ" नींद से जागा और जल्दबाजी में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी।
योगी ने सपा प्रमुख पर तंज कसते हुए कहा कि उन्हें बातें समझाने के बावजूद समझ नहीं आतीं और वह दोपहर में उठते हैं। उन्होंने समाजवादी पार्टी को "बड़े लुटेरे" बताते हुए कहा कि पार्टी को अपने कथित कुशासन और भ्रष्टाचार के लिए जनता से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज विकास, कानून-व्यवस्था और स्वास्थ्य सुविधाओं के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। उनके मुताबिक, प्रदेश ने अपनी पुरानी पहचान को पीछे छोड़कर देश में एक सम्मानजनक छवि बनाई है।
