Movie prime

कुशीनगर में CM योगी का बड़ा ऐलान: फाजिल नगर का नाम होगा पावागढ़, बोले- यूपी से माफिया और मच्छर दोनों खत्म किए
 

 
कुशीनगर में CM योगी का बड़ा ऐलान: फाजिल नगर का नाम होगा पावागढ़, बोले- यूपी से माफिया और मच्छर दोनों खत्म किए
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

कुशीनगर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कुशीनगर में 278 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने जिले के विकास, कानून-व्यवस्था और सांस्कृतिक विरासत पर विस्तार से बात की। साथ ही उन्होंने फाजिल नगर का नाम बदलकर पावागढ़ किए जाने का बड़ा ऐलान भी किया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण के बाद यह उनका पहला दौरा है। उन्होंने कहा कि तमकुही राज और पावा नगर की यह पवित्र भूमि भगवान राम के पुत्र कुश से जुड़ी हुई है। इसके अलावा भगवान बुद्ध और भगवान महावीर की तपोभूमि होने के कारण भी कुशीनगर का विशेष धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व है।

सीएम योगी ने प्रदेश की पूर्व सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि नौ-दस वर्ष पहले उत्तर प्रदेश पहचान और बीमारी के संकट से जूझ रहा था। उस समय रेत माफिया, खनन माफिया समेत विभिन्न प्रकार के माफियाओं का आतंक था और कानून-व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब थी। उन्होंने कहा कि उस दौर में ‘जंगल पार्टी’ का खौफ लोगों के बीच बना रहता था और अराजकता का माहौल था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी, विशेषकर 25 वर्ष से कम उम्र के लोग, शायद उस दौर के भय और असुरक्षा को नहीं जानते। उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार ने प्रदेश से माफिया राज को समाप्त कर कानून का राज स्थापित किया है।

अपने संबोधन में योगी आदित्यनाथ ने कहा, “हमने उत्तर प्रदेश से माफिया को भी समाप्त किया है और मच्छरों को भी समाप्त किया है। मच्छर बीमारियां लाते हैं और माफिया बेरोजगारी लाते हैं।” उन्होंने कहा कि बीमारी और बेरोजगारी जैसी समस्याओं पर प्रभावी नियंत्रण के कारण आज प्रदेश में निकलने वाली नौकरियों में कुशीनगर के युवाओं को भी नियुक्ति पत्र मिल रहे हैं।

जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री ने फाजिल नगर का नाम बदलकर पावागढ़ करने की घोषणा की। उनके इस ऐलान का कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों ने जोरदार स्वागत किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास, सुरक्षा और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए लगातार कार्य कर रही है और पूर्वांचल के विकास को नई गति दी जा रही है।