Movie prime

PRD जवानों को CM योगी की बड़ी सौगात, ड्यूटी भत्ता 500 से बढ़ाकर 600; परिवार समेत 5 लाख तक कैशलेस इलाज
 

 
 PRD जवानों को CM योगी की बड़ी सौगात, ड्यूटी भत्ता 500 से बढ़ाकर 600; परिवार समेत 5 लाख तक कैशलेस इलाज
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के जवानों को बड़ी सौगात देते हुए उनके दैनिक ड्यूटी भत्ते में वृद्धि की घोषणा की। अब पीआरडी स्वयंसेवकों को प्रतिदिन 500 रुपये की जगह 600 रुपये ड्यूटी भत्ता मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके कार्यकाल में यह चौथी बार है, जब पीआरडी जवानों के ड्यूटी भत्ते में वृद्धि की गई है।

गोरखपुर के योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित पीआरडी जवानों के सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने ‘मुख्यमंत्री पीआरडी कैशलेस चिकित्सा योजना’ का शुभारंभ किया। इसके तहत पीआरडी स्वयंसेवकों और उनके परिवार के सदस्यों को प्रतिवर्ष 5 लाख रुपये तक कैशलेस इलाज की सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री ने स्वयंसेवकों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा कार्ड भी वितरित किए।

सीएम योगी ने रिमोट का बटन दबाकर लखनऊ में करीब 23 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले बहुमंजिला पीआरडी बैरक का शिलान्यास भी किया।

2019 से अब तक लगातार बढ़ा ड्यूटी भत्ता

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 1948 में गठित पीआरडी के स्वयंसेवकों को वर्ष 2019 तक महज 250 रुपये प्रतिदिन ड्यूटी भत्ता मिलता था। वर्ष 2019 में इसे बढ़ाकर 375 रुपये, 2022 में 395 रुपये और वर्ष 2025 में बढ़ाकर 500 रुपये प्रतिदिन किया गया। अब इसे बढ़ाकर 600 रुपये प्रतिदिन किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि 75 वर्षों में जहां पीआरडी जवानों का भत्ता 250 रुपये तक ही पहुंच पाया था, वहीं पिछले आठ वर्षों में यह 250 रुपये से बढ़कर 600 रुपये होने जा रहा है।

31 हजार से अधिक जवानों को मिलेगा लाभ

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 31 हजार से अधिक पीआरडी स्वयंसेवकों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ मिलेगा। उन्हें सरकारी और सरकार से इम्पैनल्ड अस्पतालों में प्रतिवर्ष 5 लाख रुपये तक मुफ्त इलाज की सुविधा उपलब्ध होगी। पीआरडी जवानों के परिवारों को शामिल करने पर इस योजना से 1.55 लाख से अधिक लोग लाभान्वित होंगे।

सीएम योगी ने कहा कि पीआरडी स्वयंसेवक कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस और प्रशासन का सहयोग करते हैं। आपदा प्रबंधन, महाकुंभ, दीपोत्सव, रंगोत्सव, यातायात संचालन और चुनाव ड्यूटी समेत विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों में पीआरडी जवानों ने अनुशासन और सेवाभाव के साथ अपनी भूमिका निभाई है।

पीआरडी का बजट 23 करोड़ से बढ़कर 543 करोड़ रुपये

कार्यक्रम में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) राजनीतिक पेंशन, सैनिक कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल डॉ. सोमेंद्र तोमर ने कहा कि पीआरडी जवान शांति, सुरक्षा और जनसेवा के मजबूत आधार हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 से पहले पीआरडी का बजट मात्र 23 करोड़ रुपये था, जो अब बढ़कर 543 करोड़ रुपये हो चुका है।

10 स्वयंसेवकों को मिला कैशलेस चिकित्सा कार्ड

सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 10 पीआरडी स्वयंसेवकों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा कार्ड वितरित किए। इनमें गोरखपुर के अजय, भीमसेन, धीरेंद्र और उमेश कुमार, लखनऊ की स्नेहलता रावत और अनामिका वर्मा, कुशीनगर की चंदा भारती, मऊ के जय सिंह, चंदौली के मो. शाकिर और वाराणसी के किशन गुप्ता शामिल रहे।

कार्यक्रम में जिला पंचायत की प्रशासक साधना सिंह, विधायक फतेह बहादुर सिंह, श्रीराम चौहान, विपिन सिंह, महेंद्रपाल सिंह, प्रदीप शुक्ल, सरवन निषाद, एमएलसी एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह, पीआरडी विभाग के सचिव सुहास एलवाई, भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय, जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी, महानगर अध्यक्ष रमेश प्रताप गुप्ता और पूर्व महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता समेत अन्य लोग मौजूद रहे।