Movie prime

CM योगी का दावा: UP में तीसरी बार बनेगी भाजपा सरकार, बोले- हैट्रिक ही नहीं, रिकॉर्ड भी बनेगा
 

 
 CM योगी का दावा: UP में तीसरी बार बनेगी भाजपा सरकार, बोले- हैट्रिक ही नहीं, रिकॉर्ड भी बनेगा
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार तीसरी बार बनने जा रही है। उन्होंने कहा कि यह केवल हैट्रिक नहीं होगी, बल्कि एक नया रिकॉर्ड भी बनेगा। एक निजी चैनल के "राइजिंग भारत समिट" में बोलते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, भाजपा के करोड़ों समर्पित कार्यकर्ताओं की शक्ति और डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों के बल पर पार्टी जनता के बीच जाएगी और जनता-जनार्दन का आशीर्वाद प्राप्त करेगी।

मुख्यमंत्री ने भरोसा जताया कि भाजपा पूरी दमदारी के साथ तीसरी बार प्रचंड बहुमत की सरकार बनाने में सफल होगी। उन्होंने कहा, "किसी को कोई संदेह नहीं होना चाहिए।"

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की नई पहचान पर जिसे भी गर्व की अनुभूति होती है, वह भाजपा सरकार को तीसरी बार मौका देगा। अपने कार्यकाल का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि वह प्रदेश के पहले ऐसे मुख्यमंत्री हैं, जिन्होंने लगातार पांच वर्ष मुख्यमंत्री रहने के बाद दोबारा चुनाव जीता और अगले पांच वर्ष भी लगातार सरकार चलाई। उन्होंने कहा कि भाजपा पहले भी कई रिकॉर्ड तोड़ चुकी है और इस बार भी नया रिकॉर्ड बनाएगी।

विपक्ष पर तीखा हमला

यूपी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर विपक्षी दलों, खासकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने सवाल किया, "कल्पना करिए, क्या इंडी गठबंधन या समाजवादी पार्टी की किसी सरकार में यह सुशासन यूपी या किसी अन्य राज्य में कोई देख सकता था?" उन्होंने कहा कि भाजपा आज दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है।

योगी ने आरोप लगाया कि सपा और कांग्रेस की अराजकता, उनका जंगलराज और गुंडाराज, थाना-तहसील-जिले को बंधक बनाने की कोशिशें, ध्वस्त कानून-व्यवस्था, कर्फ्यू, दंगे और लूट-खसोट जैसे मुद्दों को लेकर भाजपा अपने सहयोगियों के साथ चुनाव में उतरेगी।

"परिवारवाद और जातिवाद ने यूपी का बेड़ा गर्क किया"

80-20 के मुद्दे पर पूछे गए सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा ये उपलब्धियां पहले भी हासिल कर चुकी है। उन्होंने कहा कि विपक्ष कितना भी दुष्प्रचार और विभाजन की कोशिश करे, प्रदेश का हर व्यक्ति जानता है कि परिवारवाद, जातिवाद और विभाजनकारी राजनीति ने उत्तर प्रदेश का बेड़ा गर्क किया था।

उन्होंने आरोप लगाया कि उस दौर में हर बेटी असुरक्षित थी, हर व्यापारी को रंगदारी देने के लिए मजबूर किया जाता था, हर नौजवान की नौकरी पर सेंध लगाई गई और प्रदेश को अंधेरे में रहने के लिए छोड़ दिया गया। कर्फ्यू और दंगे यूपी की पहचान बन गए थे और समाज के हर तबके के सामने पहचान का संकट खड़ा हो गया था।

समाजवादी पार्टी के शासनकाल पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि तब न सिर्फ योजनाओं पर एक परिवार का वर्चस्व था, बल्कि पूरी राजनीति तुष्टीकरण की पराकाष्ठा पर थी। उन्होंने कहा, "अपराधियों के राजनीतिकरण की बात तो आपने सुनी होगी, लेकिन राजनीति का ही अपराधीकरण हो जाए, यह सपा की पहचान थी।"

उन्होंने आरोप लगाया कि "वन डिस्ट्रिक्ट, वन माफिया" सपा की पहचान बन गया था और हर थाने पर उनके गुंडों का कब्जा था। भर्ती आयोगों में भी अराजकता फैलाई गई। उनके अनुसार, जो व्यक्ति चेयरमैन बनने के योग्य भी नहीं था, उसे चेयरमैन बनाकर आयोगों पर कब्जा किया गया और अपने लोगों को जबरन भर्ती कराने की कोशिश हुई। परीक्षा न देने वाले "मुन्ना भाइयों" को भी नियुक्ति पत्र दिए जाते थे।

चुनाव से पहले भाजपा की रणनीति: कानून-व्यवस्था पर जोर

कानून-व्यवस्था में आए बदलाव को रेखांकित करते हुए मुख्यमंत्री ने एचसीएल टेक के लखनऊ कैंपस का उदाहरण दिया। उन्होंने बताया कि 2017 में इस कैंपस में केवल 100 लोग काम करते थे, जबकि आज यहां उत्तर प्रदेश के 18,000 युवा कार्यरत हैं।

उन्होंने बताया कि कैंपस में काम करने वाली कई बेटियां बाराबंकी, सीतापुर, उन्नाव, रायबरेली और लखनऊ के अलग-अलग इलाकों से आती हैं। जब उन्होंने उनसे पूछा कि क्या नाइट शिफ्ट में उन्हें रात को घर लौटते समय डर नहीं लगता, तो बेटियों ने बताया कि वे रात दो बजे ड्यूटी खत्म होने के बाद अपनी बाइक से घर जाती हैं। उनका जवाब था, "कैसा भय? अब यूपी में गुंडाराज थोड़ी है।" मुख्यमंत्री ने कहा कि यह जवाब प्रदेश में बदली कानून-व्यवस्था और महिलाओं के सम्मान का प्रमाण है।

निवेश और रोजगार के लिए बदली प्रदेश की पहचान

योगी ने कहा कि सुरक्षित वातावरण का ही नतीजा है कि प्रदेश में निवेश की संभावनाएं बढ़ी हैं। उन्होंने बताया कि एचसीएल ने फॉक्सकॉन के साथ मिलकर प्रदेश में पहली सेमीकंडक्टर यूनिट लगाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई है और काम तेजी से चल रहा है।

उन्होंने कहा कि 2017 से पहले तत्कालीन सपा सरकार ने इन्वेस्टर्स समिट किया था, लेकिन एक भी निवेशक लखनऊ आने को तैयार नहीं था। तत्कालीन मुख्यमंत्री की कार्यशैली पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि जिस राज्य का मुख्यमंत्री कुर्सी बचाने के लिए पाखंड का सहारा ले और इस डर से नोएडा न जाए कि कुर्सी चली जाएगी, उस राज्य का बेड़ा गर्क होना ही था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उस दौर में दंगाइयों को सरकारी विमान से बुलाकर मुख्यमंत्री आवास में माला पहनाई जाती थी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज दंगाइयों का सम्मान नहीं होता, बल्कि उनका "उपचार" किया जाता है। उन्होंने कहा कि आज यूपी में किसी को सड़क पर व्यापारिक प्रतिष्ठानों में आग लगाने या किसी बेटी की इज्जत से खिलवाड़ करने की छूट नहीं है। उन्होंने कहा, "यही उत्तर प्रदेश का नया परसेप्शन है।"