Movie prime

जनता दर्शन में CM योगी की भावुक अपील: थोड़ा झुकेंगे तो रिश्ते मजबूत होंगे, परिवार को रखें एकजुट
 

 
 जनता दर्शन में CM योगी की भावुक अपील: थोड़ा झुकेंगे तो रिश्ते मजबूत होंगे, परिवार को रखें एकजुट
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को आयोजित ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम में प्रदेशवासियों से सीधे संवाद करते हुए पारिवारिक एकता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि परिवार ही व्यक्ति की सबसे बड़ी पूंजी है और पारिवारिक विवादों को आपसी समझदारी से घर में ही सुलझाना बेहतर होता है।

मुख्यमंत्री ने जनता दर्शन में पहुंचे लोगों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की, उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए। इस दौरान बड़ी संख्या में पारिवारिक विवादों से जुड़ी शिकायतें भी सामने आईं, जिस पर सीएम ने लोगों को समझाते हुए कहा कि छोटे-छोटे मतभेदों को बातचीत के जरिए सुलझाया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि पारिवारिक मामलों में पुलिस-प्रशासन की मदद अंतिम विकल्प के रूप में ही लेनी चाहिए। यदि परिवार के सदस्य थोड़ा धैर्य और समझदारी दिखाएं, तो विवाद आसानी से सुलझ सकते हैं और परिवार बिखरने से बच सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि परिवार में थोड़ा झुकने से सम्मान कम नहीं होता, बल्कि रिश्ते और मजबूत होते हैं।

सीएम योगी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जन समस्याओं का समाधान तत्परता और संवेदनशीलता के साथ किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और हर शिकायत का निस्तारण पारदर्शी व संतोषजनक तरीके से होना चाहिए।

इसके अलावा मुख्यमंत्री ने अवैध कब्जों के मामलों पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि किसी भी कमजोर व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और ऐसे तत्वों को किसी भी हाल में बख्शा न जाए।