Movie prime

जनता दर्शन में CM योगी का संदेश: हर पात्र तक पहुंचे योजनाओं का लाभ, इलाज के लिए धन की नहीं होगी कमी
 

 
 जनता दर्शन में CM योगी का संदेश: हर पात्र तक पहुंचे योजनाओं का लाभ, इलाज के लिए धन की नहीं होगी कमी
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आवास, शिक्षा, विवाह, पेंशन और स्वास्थ्य जैसी योजनाओं का लाभ हर जरूरतमंद तक सुनिश्चित रूप से पहुंचाया जाए।

मंगलवार को गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने करीब 200 लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि सरकार समाज के प्रत्येक जरूरतमंद और पात्र नागरिक के साथ खड़ी है तथा उनकी समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

सीएम योगी ने अधिकारियों से कहा कि सभी पात्र व्यक्तियों के आवेदन संबंधित योजनाओं में कराए जाएं, ताकि उन्हें समय पर सरकारी लाभ मिल सके। उन्होंने जनता से भी अपील की कि वे योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवेदन अवश्य करें।

जनता दर्शन में प्राप्त प्रार्थना पत्रों को संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को सौंपते हुए मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि सभी शिकायतों का समयबद्ध, निष्पक्ष और संतोषजनक निस्तारण किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशील रवैया अपनाने को कहा।

इस दौरान कई लोग गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वस्त किया कि धन के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जरूरतमंद मरीजों के उपचार का इस्टीमेट शीघ्र तैयार कर शासन को भेजा जाए, ताकि तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

जनता दर्शन में जौनपुर से आई एक महिला ने एक एनजीओ पर फर्जी प्रमाण पत्र जारी करने का आरोप लगाया। मुख्यमंत्री ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

भूमि कब्जे से संबंधित शिकायतों पर मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी दबंग को गरीबों और कमजोर लोगों की जमीन पर अवैध कब्जा नहीं करने दिया जाएगा।

कार्यक्रम में अपने परिजनों के साथ पहुंचे बच्चों से मुख्यमंत्री ने आत्मीयता से मुलाकात की। उन्होंने बच्चों को चॉकलेट वितरित की और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।

गोशाला में की गोसेवा

गोरखनाथ मंदिर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंदिर परिसर स्थित गोशाला का भी दौरा किया। उन्होंने गायों और गोवंश को स्नेहपूर्वक गुड़ और रोटी खिलाई तथा उनकी देखभाल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने गोशाला के कर्मचारियों को गोवंश की बेहतर देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।