CM योगी का आदेश- सभी जिलों के DM प्राथमिकता पर चलाएं राहत और बचाव कार्य, हर 3 घंटे में मांगी रिपोर्ट
लखनऊ। प्रदेश में आंधी-बारिश और बिजली गिरने से हुए भारी नुकसान को लेकर मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने अधिकारियों को सतर्क रहने और राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा है कि सभी जिले अपने यहां हुए नुकसान की हर तीन घंटे में स्थिति अपडेट करते हुए रिपोर्ट शासन को भेजें।
सीएम योगी ने बताया कि बाराबंकी, बहराइच, कानपुर देहात, बस्ती, संभल, हरदोई, उन्नाव समेत 19 जिलों में जनहानि, पशुहानि और फसल नुकसान की जानकारी सामने आई है। खराब मौसम के चलते कई मकान भी क्षतिग्रस्त हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने हादसों में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने जिलाधिकारियों और संबंधित अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर तत्काल सर्वे कराने तथा पीड़ित परिवारों को जल्द से जल्द सहायता और मुआवजा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
सीएम योगी ने सभी डीएम को राहत और बचाव कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के लिए कहा है। साथ ही यह भी निर्देश दिया है कि मुआवजा वितरण, राहत कार्य और बचाव अभियान से जुड़ी सभी जानकारियां इंटरनेट मीडिया पर लगातार अपडेट की जाएं, ताकि आम जनता को सही और समय पर सूचना मिल सके।
