गोरखपुर में CM योगी का जनता दरबार, अफसरों की लगाई क्लास, बोले- पीड़ित को न्याय में देरी नहीं चलेगी
Lucknow : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर प्रवास के दौरान शुक्रवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में पहुंचे लोगों को भरोसा दिलाया कि जनता की हर समस्या का समाधान सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जन शिकायतों का निस्तारण तत्परता, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ किया जाए। मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और हर समस्या का समाधान गुणवत्तापूर्ण व संतोषजनक होना चाहिए।
150 लोगों की सुनी समस्याएं
गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने करीब 150 लोगों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को प्रार्थना पत्र सौंपते हुए त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि किसी भी पीड़ित के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से राजस्व और पुलिस विभाग से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता बरतने के निर्देश दिए।

इलाज के लिए आर्थिक मदद का भरोसा
जनता दर्शन में कई लोग गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर पहुंचे। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि धन के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जरूरतमंद मरीजों के इलाज का इस्टीमेट जल्द तैयार कर उपलब्ध कराया जाए, ताकि सरकार समय पर आर्थिक सहायता जारी कर सके।
गोशाला पहुंचकर की गोसेवा
जनता दर्शन से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर में गुरु गोरखनाथ का दर्शन-पूजन किया और अपने गुरुदेव ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने मंदिर परिसर स्थित गोशाला पहुंचकर गायों और गोवंश को गुड़ खिलाया।
मुख्यमंत्री ने भीषण गर्मी को देखते हुए गोशाला कर्मियों को गोवंश की देखभाल के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। मंदिर परिसर के भ्रमण के दौरान उन्होंने बच्चों से मुलाकात कर उन्हें चॉकलेट और आशीर्वाद भी दिया।
