मायावती से मिलने पहुंचे कांग्रेस नेता, बिना मुलाकात लौटे… BJP ने कसा तंज
Lucknow : मायावती से मुलाकात किए बिना कांग्रेस नेताओं के लौटने के मामले ने उत्तर प्रदेश की राजनीति में नया विवाद खड़ा कर दिया है। इस मुद्दे पर अब भारतीय जनता पार्टी ने भी कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है।
बीजेपी का कांग्रेस पर हमला
भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि देश और प्रदेश में कांग्रेस अपनी राजनीतिक जमीन पूरी तरह खो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं का यह दौरा केवल “फोटो सेशन” के लिए था।
उन्होंने कहा कि जिस तरह से मायावती जी ने कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात नहीं की, उससे साफ है कि कांग्रेस की राजनीतिक स्थिति कितनी कमजोर हो चुकी है। पार्टी अब सिर्फ अपनी मौजूदगी दर्ज कराने की कोशिश कर रही है।
क्या है पूरा मामला?
19 मई को भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के कुछ नेता लखनऊ स्थित मायावती के आवास पर उनके स्वास्थ्य का हालचाल जानने पहुंचे थे। हालांकि उन्हें मुलाकात का समय नहीं मिला और वे बिना मिले ही वापस लौट गए।
मायावती के आवास पहुंचे नेताओं में राजेंद्र पाल गौतम और सांसद तनुज पुनिया शामिल थे।
BSP ने क्या कहा?
BSP की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने कहा कि उन्हें कांग्रेस नेताओं के इस दौरे की कोई जानकारी नहीं थी। उन्होंने कहा कि मुझे नहीं पता कि बहन जी से मिलने कौन गया था। मुझे ऐसे किसी कार्यक्रम की जानकारी नहीं है।
यह पूरा घटनाक्रम ऐसे समय हुआ जब राहुल गांधी रायबरेली दौरे पर थे। ऐसे में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल का बिना पूर्व अनुमति मायावती के आवास पहुंचना और मुलाकात न हो पाना पार्टी के लिए राजनीतिक रूप से असहज स्थिति माना जा रहा है।
