पेपर लीक की जड़ भ्रष्टाचार... NEET आंदोलन पर मायावती का बड़ा हमला, सरकार-विपक्ष दोनों को दी नसीहत
नई दिल्ली। बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे NEET पेपर लीक आंदोलन को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने बिना किसी राजनीतिक दल या नेता का नाम लिए भारतीय जनता पार्टी, कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि छात्रों के मुद्दे का राजनीतिकरण नहीं होना चाहिए। उन्होंने सरकार और आंदोलनकारियों से शांतिपूर्ण समाधान निकालने की अपील की।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर किए गए पोस्ट में मायावती ने कहा कि संसद के नजदीक जंतर-मंतर पर कई दिनों से चल रहा आंदोलन मेडिकल की NEET जैसी परीक्षाओं में पेपर लीक और अन्य अनियमितताओं से प्रभावित लाखों छात्रों और उनके परिवारों की पीड़ा को सामने ला रहा है। उन्होंने कहा कि अब यह मुद्दा सड़क से लेकर संसद तक पहुंच गया है और राजनीतिक दलों के हस्तक्षेप से सरकार और आंदोलनकारियों के बीच टकराव की स्थिति बन गई है।
भ्रष्टाचार ही है सभी समस्याओं की जड़
मायावती ने कहा कि चाहे अयोध्या के श्रीराम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी और गबन का मामला हो या फिर देशभर में होने वाली प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाएं, इन सभी की जड़ हर स्तर पर फैला भ्रष्टाचार है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं शासन व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं।
संवैधानिक नैतिकता पर दिया जोर
बसपा प्रमुख ने कहा कि यह केवल भ्रष्टाचार का नहीं, बल्कि संवैधानिक नैतिकता का भी विषय है। उन्होंने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने सुशासन (गुड गवर्नेंस) के लिए संवैधानिक नैतिकता को अत्यंत आवश्यक बताया था, लेकिन इसके अभाव में देश दीमक की तरह खोखला होता जा रहा है।
सरकार और कोर्ट से की पहल की अपील
मायावती ने कहा कि देश और जनहित से जुड़े इस गंभीर मामले में सरकार और न्यायपालिका जैसी संवैधानिक संस्थाओं को सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए, ताकि मौजूदा संकट का सौहार्दपूर्ण समाधान निकल सके।
राजनीतिकरण और हिंसा पर जताई आपत्ति
उन्होंने यह भी कहा कि छात्रों के आंदोलन का विभिन्न राजनीतिक दल अपने-अपने संकीर्ण राजनीतिक हितों के लिए इस्तेमाल कर रहे हैं, जिससे सड़क से लेकर संसद तक टकराव और हिंसा का माहौल बन रहा है। मायावती ने सरकार और आंदोलनकारियों दोनों से जल्द से जल्द बातचीत के जरिए शांतिपूर्ण समाधान निकालने की अपील की।
