राम मंदिर में बाधा, हनुमानगढ़ी पर नमाज... अयोध्या में CM योगी ने सपा-कांग्रेस को घेरा
अयोध्या। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को अयोध्या में आयोजित एक जनसभा के दौरान समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि इन दलों ने वर्षों तक राम मंदिर निर्माण में बाधाएं खड़ी कीं, जबकि डबल इंजन सरकार ने प्रभु श्रीराम के भव्य मंदिर का निर्माण कराकर अयोध्या को नई पहचान दिलाई। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज लाखों श्रद्धालु अयोध्या पहुंच रहे हैं और यहां के विकास की सराहना कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर 432 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 217 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि अयोध्या अब केवल धार्मिक नगरी नहीं, बल्कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त एक विश्वस्तरीय आध्यात्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित हो रही है।
राम मंदिर में बाधा डालने वालों को जनता ने जवाब दिया
सीएम योगी ने कहा कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के नेताओं ने राम मंदिर निर्माण का विरोध किया, भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाए और रामभक्तों पर गोलियां तक चलवाईं। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार बनने के बाद किसी की हिम्मत नहीं हुई कि राम मंदिर निर्माण को रोक सके। आज अयोध्या में भव्य राम मंदिर बन चुका है और देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।
अयोध्या को मिली नई पहचान
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने अयोध्या को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित शहर के रूप में विकसित किया है। सरयू तट का कायाकल्प किया गया है, राम की पैड़ी का पुनर्विकास हुआ है और घाटों की नई श्रृंखला तैयार की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले जिन लोगों ने हनुमानगढ़ी की सीढ़ियों पर नमाज पढ़ाने का प्रयास किया था, आज वही विकास देखकर परेशान हैं।
डबल इंजन सरकार ने समरसता का मॉडल पेश किया
योगी आदित्यनाथ ने श्रृंगवेरपुर और शबरी माता का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि अयोध्या में शबरी माता के नाम पर भोजनालय बनाया गया है और सरयू आरती आज देश-विदेश के श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बन चुकी है। यह सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक विरासत को सशक्त करने का उदाहरण है।
सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी से बदली तस्वीर
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज अयोध्या में भक्ति पथ, राम पथ और जन्मभूमि पथ जैसी परियोजनाएं शहर की नई पहचान बन चुकी हैं। पहले जहां संकरी सड़कें थीं, वहीं अब फोर लेन और सिक्स लेन सड़कें बन चुकी हैं। महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, बेहतर रेलवे नेटवर्क और आधुनिक सड़क संपर्क ने अयोध्या को देश के प्रमुख शहरों से जोड़ दिया है। इसका लाभ आसपास के क्षेत्रों—बीकापुर, मिल्कीपुर, रुदौली और गोसाईंगंज—को भी मिल रहा है।
बिना झुके, बिना रुके, बिना थके किया विकास
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 के बाद प्रदेश में विकास की नई शुरुआत हुई। डबल इंजन सरकार ने बिना झुके, बिना रुके और बिना थके लगातार काम किया, जिसके परिणाम आज सभी के सामने हैं। उन्होंने कहा कि अब अयोध्या का नाम सुनते ही देश और दुनिया के लोगों के चेहरे पर श्रद्धा और सम्मान दिखाई देता है।
500 वर्षों का सपना हुआ साकार
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जो कार्य पिछले 500 वर्षों में पूरा नहीं हो सका, वह आज साकार हो चुका है। संतों, समाज और करोड़ों रामभक्तों के संघर्ष का परिणाम है कि आज श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर खड़ा है। उन्होंने कहा कि कभी कहा जाता था कि अयोध्या में "परिंदा भी पर नहीं मार सकता", लेकिन आज प्रतिदिन लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रभु श्रीराम और पवनसुत हनुमान की कृपा से अयोध्या निरंतर विकास की नई ऊंचाइयों को छू रही है।
