घबराइए मत, हर समस्या का समाधान कराएंगे: सीएम योगी
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन में करीब 200 लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने लोगों को भरोसा दिलाते हुए कहा, “घबराइए मत, आपकी समस्या का समाधान जरूर कराया जाएगा।” उन्होंने अधिकारियों को प्रत्येक पीड़ित की समस्या का संवेदनशीलता के साथ समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी तरीके से निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
रविवार शाम गोरखपुर पहुंचे मुख्यमंत्री ने गोरखनाथ मंदिर में रात्रि प्रवास किया। सोमवार सुबह महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने जनता दर्शन का आयोजन हुआ। मुख्यमंत्री स्वयं कुर्सियों पर बैठे फरियादियों के पास पहुंचे और एक-एक कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने लोगों से आत्मीयता से बातचीत करते हुए पूछा कि वे कहां से आए हैं और उनकी क्या समस्या है।
मुख्यमंत्री ने फरियादियों के प्रार्थना पत्र अधिकारियों को सौंपते हुए निर्देश दिया कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और संतुष्टिप्रद निस्तारण कराया जाए। जमीन पर कब्जे से जुड़ी शिकायतों पर उन्होंने अधिकारियों को कठोर कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए मिलेगी आर्थिक सहायता
जनता दर्शन में कई लोग गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वस्त किया कि धन की कमी इलाज में बाधा नहीं बनेगी। सरकार जरूरतमंदों को पर्याप्त आर्थिक सहायता उपलब्ध कराएगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि संबंधित अस्पताल से इलाज का एस्टीमेट प्राप्त करने की प्रक्रिया जल्द पूरी कराकर शासन को भेजी जाए, ताकि मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से इलाज के लिए आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराई जा सके।
गोशाला में सीएम योगी ने की गोसेवा
गोरखनाथ मंदिर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दिनचर्या पारंपरिक रही। सुबह उन्होंने शिवावतार गुरु गोरखनाथ का दर्शन-पूजन किया और अपने गुरु ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की प्रतिमा के समक्ष शीश नवाया।
इसके बाद मुख्यमंत्री मंदिर परिसर की गोशाला पहुंचे और गोसेवा की। उन्होंने गोवंश को दुलारते हुए अपने हाथों से गुड़ खिलाया। इसके बाद उन्होंने मंदिर परिसर का भ्रमण भी किया।
