Movie prime

2027 में फिर बनेगी डबल इंजन सरकार, अखिलेश को श्रीकृष्ण जन्मभूमि के लिए आगे आने की सलाह – सीएम योगी

 
yogi
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

लखनऊ। योगी आदित्यनाथ ने सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव को श्रीकृष्ण जन्मभूमि के लिए आगे आने की सलाह दी है। इटावा में निर्माणाधीन केदारेश्वर मंदिर के संभावित निमंत्रण पर उन्होंने कहा कि यदि अखिलेश यादव शुद्ध नीयत से यह मंदिर बनवाते तो वह अवश्य जाते, लेकिन उनकी नीयत साफ नहीं है। फिर भी उन्होंने कहा कि देर आए-दुरुस्त आए, मंदिर बनवा रहे हैं तो बधाई दूंगा। साथ ही उन्होंने कहा कि अब उन्हें श्रीकृष्ण जन्मभूमि के लिए भी आगे आना चाहिए, तब लोग उनकी प्रशंसा करेंगे।

मुख्यमंत्री मंगलवार को एक निजी चैनल के कॉन्क्लेव में बोल रहे थे। इस दौरान उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर दावा किया कि 2022 से अधिक सीटें जीतकर भाजपा नेतृत्व में डबल इंजन सरकार दोबारा सत्ता में आएगी। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार ने उत्तर प्रदेश को ‘ट्रिपल-टी’ टेक्नोलॉजी, ट्रस्ट और ट्रांसफॉर्मेशन से जोड़ा है और 2027 में फिर जोरदार वापसी करेगी।

2027 में भाजपा की वापसी का दावा

सीएम योगी ने कहा कि 2027 को लेकर कोई संदेह नहीं है। उन्होंने कांग्रेस और राजद की बिहार में हुई स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि 2027 में उत्तर प्रदेश में कांग्रेस और सपा की भी ऐसी ही दुर्गति तय है। उन्होंने मीडिया से कहा कि प्रदेश के 75 जिलों और 403 विधानसभा क्षेत्रों में जाकर देखें, आम जनता वर्तमान सरकार के पक्ष में नजर आएगी।

रामराज्य की अवधारणा को धरातल पर उतारने का दावा

एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश को उसकी पहचान वापस दिलाना सरकार की बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि राम मंदिर के निर्माण के साथ ही रामराज्य की अवधारणा को जमीन पर उतारा गया है। बिना भेदभाव हर वर्ग को योजनाओं का लाभ मिल रहा है, महिलाएं सुरक्षित हैं, किसान खुशहाल हैं और युवाओं को रोजगार मिल रहा है।

महाराज सुहेलदेव और गाजी पर टिप्पणी

सीएम योगी ने कहा कि सोमनाथ मंदिर को अपवित्र करने और अयोध्या में श्रीराम मंदिर पर पहला आतंकी हमला करने वाले गाजी को उसके पापों की सजा महाराज सुहेलदेव ने दी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा महाराज सुहेलदेव के बजाय गाजी का नाम लेती है और उसका मेला लगाती है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने बहराइच में महाराज सुहेलदेव का भव्य स्मारक और आजमगढ़ में विश्वविद्यालय बनवाया है।

राहुल गांधी पर भी निशाना

मुख्यमंत्री ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि देश उन्हें गंभीरता से नहीं लेता। उन्होंने कांग्रेस को परिवारवादी पार्टी बताते हुए कहा कि जब जहाज डूबता है तो ऐसा कैप्टन चुना जाता है जो उसे आसानी से डुबो सके।

बुलडोजर और ब्रह्मोस पर बयान

सीएम योगी ने कहा कि बुलडोजर उत्तर प्रदेश की ताकत का प्रतीक है और माफिया प्रवृत्ति पर कार्रवाई का संकेत है। वहीं ब्रह्मोस जैसे रक्षा सेक्टर में निवेश को भारत की सामरिक शक्ति का प्रतीक बताया।

ओवैसी और पाकिस्तान पर टिप्पणी

उन्होंने असदुद्दीन ओवैसी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वे ‘भाग्य नगर’ के नाम से भयभीत होकर बयानबाजी कर रहे हैं। साथ ही पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था पर टिप्पणी करते हुए कहा कि उसकी इकॉनमी उत्तर प्रदेश का भी मुकाबला नहीं कर सकती, भारत की तो बात ही अलग है।