नोएडा में कर्मचारियों का उग्र प्रदर्शन: सैलरी बढ़ाने की मांग पर सड़क जाम, पत्थरबाजी और आगजनी
नोएडा: नोएडा में सैलरी बढ़ाने की मांग को लेकर सोमवार सुबह कर्मचारियों का गुस्सा फूट पड़ा। सेक्टर-60 और सेक्टर-62 के आसपास कर्मचारियों ने सड़कों पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया और मुख्य मार्गों को जाम कर दिया, जिससे पूरे इलाके में यातायात बुरी तरह प्रभावित हो गया।
प्रदर्शन के दौरान स्थिति तब बिगड़ गई जब कुछ कर्मचारियों ने उग्र रूप अपनाते हुए पत्थरबाजी शुरू कर दी। इस दौरान कई गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई और कुछ वाहनों को आग के हवाले भी कर दिया गया। नोएडा के फेज-2 इलाके में भी प्रदर्शनकारियों ने संपत्ति को नुकसान पहुंचाया।
कर्मचारियों ने सेक्टर-62 में सड़क जाम कर अपनी मांगों को लेकर जोरदार विरोध दर्ज कराया। उनका कहना है कि वे लंबे समय से वेतन बढ़ोतरी की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक उनकी मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंच गया और हालात को काबू में करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। पुलिस अधिकारियों द्वारा प्रदर्शनकारियों को समझाने और स्थिति को शांत करने का प्रयास जारी है।
सोमवार होने के कारण ऑफिस जाने वाले लोगों को इस जाम का सबसे ज्यादा खामियाजा भुगतना पड़ा। सेक्टर-60 और आसपास के इलाकों में लंबा ट्रैफिक जाम लग गया, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
