Movie prime

मत्स्य मंत्री संजय निषाद की माता प्रसाद पांडेय से मुलाकात, बोले- भाजपा दरवाजे बंद करेगी तो...
 

 
मत्स्य मंत्री संजय निषाद की माता प्रसाद पांडेय से मुलाकात, बोले- भाजपा दरवाजे बंद करेगी तो...
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

 

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार में मत्स्य मंत्री और निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय निषाद की सोमवार को नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय से मुलाकात के बाद प्रदेश की सियासत में चर्चाएं तेज हो गई हैं। विधानसभा चुनाव में करीब छह माह का समय शेष रहने के बीच हुई इस मुलाकात को निषाद पार्टी और समाजवादी पार्टी के बीच संभावित नजदीकी से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, संजय निषाद ने इसे महज शिष्टाचार भेंट बताया है।

संजय निषाद ने कहा कि माता प्रसाद पांडेय उनके पुराने साथी और मार्गदर्शक रहे हैं। वह उनकी सेहत का हाल जानने के लिए उनसे मिलने गए थे। समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन की संभावना पर उन्होंने कहा कि यदि भाजपा अपने दरवाजे बंद करती है, तो निषाद पार्टी इस विकल्प पर विचार करेगी।

उन्होंने कहा, “हम उसके साथ रहेंगे, जो निषाद समाज के मुद्दों को हल करेगा और सरकार से जुड़े मामलों को सुलझाने में हमारी मदद करेगा।”

संजय निषाद ने दावा किया कि निषाद समाज की कई मांगें अभी पूरी नहीं हुई हैं और इन मुद्दों से भाजपा नेतृत्व को अवगत करा दिया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि निषाद पार्टी के साथ गठबंधन के बाद भाजपा ने कई सीटों पर जीत हासिल की थी।

गौरतलब है कि गोंडा में एक कार्यकर्ता की हत्या के बाद संजय निषाद ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था। ऐसे में माता प्रसाद पांडेय से उनकी मुलाकात और भाजपा के साथ गठबंधन को लेकर दिए गए बयान ने प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं को और बढ़ा दिया है।