Movie prime

1 अप्रैल से वाराणसी समेत 5 शहरों के टोल प्लाजा पर कैश खत्म, सिर्फ FASTag और UPI से होगा भुगतान

वाराणसी, गोरखपुर, आजमगढ़, अयोध्या और रायबरेली के 54 टोल प्लाजा पर 1 अप्रैल से कैश भुगतान बंद होगा। अब सिर्फ FASTag और UPI से टोल भुगतान किया जा सकेगा। NHAI ने इसकी पूरी तैयारी कर ली है, जिससे यात्रा समय 30-40% तक कम होने की उम्मीद है।

 
 टोल प्लाजा पर कैश खत्म
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: प्रदेश के प्रमुख शहरों और राष्ट्रीय राजमार्गों पर सफर करने वाले वाहन चालकों के लिए बड़ा बदलाव होने जा रहा है। National Highways Authority of India ने वाराणसी, गोरखपुर, आजमगढ़, अयोध्या और रायबरेली परिक्षेत्र में आने वाले करीब 54 टोल प्लाजा को पूरी तरह कैशलेस बनाने की तैयारी पूरी कर ली है।

इस फैसले के लागू होने के बाद टोल प्लाजा पर नकद भुगतान पूरी तरह समाप्त हो जाएगा और वाहन चालकों को केवल FASTag और UPI के जरिए ही टोल देना होगा।

अब टोल पर नहीं चलेगा कैश, खत्म होगी लंबी लाइनें

नए सिस्टम के तहत सभी टोल प्लाजा पर कैश लेन को पूरी तरह खत्म कर दिया जाएगा। इसका सीधा फायदा यह होगा कि टोल पर लगने वाली लंबी कतारें और देरी काफी हद तक कम हो जाएगी। प्रशासन का दावा है कि इस बदलाव से यात्रियों का 30 से 40 प्रतिशत तक समय बचेगा और सफर पहले से ज्यादा सुगम हो जाएगा।

सर्वर और UPI कनेक्टिविटी का अंतिम परीक्षण जारी

NHAI की ओर से सभी टोल प्लाजा पर तकनीकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। फिलहाल सर्वर और UPI कनेक्टिविटी का अंतिम परीक्षण किया जा रहा है, ताकि 1 अप्रैल से सिस्टम बिना किसी रुकावट के शुरू हो सके। इसके अलावा हाई-स्पीड कैमरे और RFID रीडर्स को भी अपग्रेड किया जा रहा है, जिससे वाहन बिना रुके तेजी से गुजर सकें।

यात्रियों को पहले से दी जा रही सूचना

टोल प्लाजा पर बैनर और लाउडस्पीकर के माध्यम से यात्रियों को इस बदलाव की जानकारी दी जा रही है। लोगों को सलाह दी जा रही है कि वे समय रहते FASTag सक्रिय कर लें या UPI पेमेंट की सुविधा तैयार रखें, ताकि टोल पर किसी तरह की परेशानी न हो।

सफर होगा आसान, विवाद भी होंगे खत्म

कैशलेस सिस्टम लागू होने से टोल पर छुट्टे पैसे को लेकर होने वाली बहस और अनावश्यक देरी से भी छुटकारा मिलेगा।