गौतमबुद्ध नगर को ₹9,228 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात, आज नोएडा और यमुना सिटी के दौरे पर जाएंगे CM योगी
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को गौतमबुद्ध नगर के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह यमुना सिटी और नोएडा में कुल 9,228 करोड़ रुपये की औद्योगिक एवं विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। मुख्यमंत्री विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के साथ जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री दोपहर करीब 1 बजे हेलीकॉप्टर से जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचेंगे, जहां जिलाधिकारी मेधा रूपम उनका स्वागत करेंगी। इसके बाद वह सड़क मार्ग से यमुना सिटी के सेक्टर-10 स्थित इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर (EMC) पहुंचेंगे।
₹6,750 करोड़ के निवेश वाली तीन बड़ी परियोजनाओं की रखेंगे आधारशिला
यमुना सिटी में मुख्यमंत्री करीब 6,750 करोड़ रुपये के निवेश वाली तीन प्रमुख औद्योगिक परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे।
इनमें सेक्टर-10 में एसेंट सर्किट्स प्राइवेट लिमिटेड की लगभग 3,220 करोड़ रुपये की परियोजना शामिल है। इस इकाई में फ्लेक्सिबल पीसीबी, हाई-डेंसिटी इंटरकनेक्टेड पीसीबी और सेमीकंडक्टर सब्सट्रेट्स का निर्माण किया जाएगा।
इसके अलावा सेक्टर-8 में अंबर इंटरप्राइजेज इंडिया लिमिटेड की लगभग 3,532 करोड़ रुपये की परियोजना की आधारशिला भी रखी जाएगी। करीब 100 एकड़ में विकसित होने वाली इस यूनिट में कॉपर क्लैड लैमिनेट्स, पीसीबी असेंबली, कंप्यूटर इलेक्ट्रॉनिक्स और घरेलू उपकरणों का निर्माण होगा।
मुख्यमंत्री इसी दौरान सेक्टर-10 में स्थापित होने वाली शैल कंपनी की सोलर मैन्युफैक्चरिंग यूनिट का भी शिलान्यास करेंगे।
नोएडा में 70 विकास परियोजनाओं का होगा लोकार्पण और शिलान्यास
यमुना सिटी के कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री शाम करीब 3:30 बजे नोएडा के सेक्टर-96 पहुंचेंगे। यहां वह 2,478 करोड़ रुपये की 70 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।
इनमें 1,045 करोड़ रुपये की पांच परियोजनाओं का उद्घाटन तथा 1,434 करोड़ रुपये की 65 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है।
इन परियोजनाओं का होगा उद्घाटन
मुख्यमंत्री करीब 390 करोड़ रुपये की लागत से बने नए नोएडा प्राधिकरण प्रशासनिक भवन का उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा डीएससी रोड पर अगाहपुर से एनएसईजेड तक 5.5 किलोमीटर लंबे 608 करोड़ रुपये के एलिवेटेड रोड का भी लोकार्पण करेंगे।
साथ ही एक्सप्रेसवे से जुड़ी सीवर लाइन परियोजनाओं और रेन वाटर ड्रेनेज से संबंधित कार्यों का भी उद्घाटन किया जाएगा।
कई नई परियोजनाओं की रखेंगे नींव
मुख्यमंत्री भंगेल एलिवेटेड रोड पर क्लोवर लीफ इंटरचेंज, सेक्टर-145 में सड़क एवं आधारभूत ढांचे के विकास, दलित प्रेरणा स्थल के अनुरक्षण कार्य, बॉटनिकल गार्डन बस डिपो के नवीनीकरण, एमपी-2 एलिवेटेड रोड पर नॉइज बैरियर निर्माण और शाहदरा ड्रेन सहित कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे।
समीक्षा बैठक भी करेंगे मुख्यमंत्री
विकास परियोजनाओं के कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री एमएसएमई से जुड़े कार्यक्रम में भाग लेंगे। इसके उपरांत शाम 4:30 बजे से 6 बजे तक लोक निर्माण विभाग (PWD) की समीक्षा बैठक करेंगे। सभी कार्यक्रमों के बाद मुख्यमंत्री गाजियाबाद स्थित सीआईएसएफ परिसर के लिए रवाना होंगे।
मुख्यमंत्री का यह दौरा गौतमबुद्ध नगर और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में औद्योगिक निवेश, आधारभूत संरचना और रोजगार के नए अवसरों को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
