RTE के बच्चों को सरकार का तोहफा! यूनिफॉर्म-बैग के लिए अभिभावकों के खाते में आएंगे 5,000
मीरजापुर। निजी विद्यालयों में आरटीई के तहत पढ़ने वाले बच्चों के अभिभावकों के खाते में सरकार की ओर से पांच हजार रुपये भेजे जाएंगे। इस धनराशि से अभिभावक बच्चों के लिए दो सेट यूनिफॉर्म, स्कूल बैग, कार्य पुस्तिका और पाठ्य पुस्तक खरीद सकेंगे। पहले चरण में जनपद के 10,649 बच्चों के अभिभावकों को इसका लाभ मिलेगा।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार वर्मा के अनुसार, धनराशि भेजने में लगभग पांच करोड़ 32 लाख 45 हजार रुपये खर्च होंगे। हालांकि, नगर पालिका परिषद क्षेत्र के निजी विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों के अभिभावकों को अभी इसके लिए इंतजार करना पड़ेगा।
आरटीई के तहत 25 प्रतिशत सीटों पर प्रवेश
निश्शुल्क और अनिवार्य बाल शिक्षा का अधिकार अधिनियम, 2009 की धारा 12(1)(ग) के तहत अलाभित समूह और दुर्बल वर्ग के बच्चों का कक्षा एक और पूर्व प्राथमिक कक्षा में प्रवेश कराया जाता है। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन के बाद ई-लॉटरी के माध्यम से बच्चों का चयन किया जाता है। गैर-सहायता प्राप्त मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों में इन वर्गों के बच्चों के लिए 25 प्रतिशत सीटें निर्धारित हैं।
शैक्षणिक सत्र 2026-27 में जनपद में ई-लॉटरी के माध्यम से 1,916 बच्चों का चयन हुआ था। इनमें से 196 बच्चों ने अभी तक प्रवेश नहीं लिया है। वर्तमान में नए प्रवेश लेने वाले 1,720 बच्चों के अभिभावकों के खातों में भी धनराशि भेजी जाएगी।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बताया कि आरटीई के तहत निजी विद्यालयों में अध्ययनरत 10,649 बच्चों के अभिभावकों को धनराशि भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। नगर पालिका परिषद क्षेत्र के निजी विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों को फिलहाल इस भुगतान में शामिल नहीं किया गया है।
