Movie prime

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल का आह्वान: 2026 तक टीबी मुक्त भारत के लिए जनभागीदारी जरूरी, 100 बालिकाओं को लगा एचपीवी टीका

 
 राज्यपाल आनंदीबेन पटेल का आह्वान: 2026 तक टीबी मुक्त भारत के लिए जनभागीदारी जरूरी, 100 बालिकाओं को लगा एचपीवी टीका
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

सोनभद्र। आनंदीबेन पटेल ने वर्ष 2026 तक देश को टीबी मुक्त बनाने के लक्ष्य को पूरा करने के लिए जनभागीदारी का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जब तक डॉक्टर रोगी को पूर्णतः टीबी मुक्त घोषित न कर दें, तब तक उसे नियमित रूप से पोषण पोटली दी जानी चाहिए। साथ ही उन्होंने टीबी रोगियों के साथ किसी भी प्रकार का भेदभाव या अछूत जैसा व्यवहार न करने की अपील की।

राज्यपाल गुरुवार को सोनभद्र दौरे पर थीं, जहां उन्होंने विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लिया। अधिकारियों के साथ बैठक कर विकास कार्यों की समीक्षा की और जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, किट एवं अन्य सामग्री वितरित की। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

स्वामित्व योजना में पति-पत्नी दोनों के नाम हो संपत्ति

राज्यपाल ने स्वामित्व योजना के तहत घर का मालिकाना हक पति और पत्नी दोनों के नाम करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि महिलाएं आज स्वतंत्र और सशक्त हैं, इसलिए उन्हें संपत्ति में समान अधिकार मिलना चाहिए।

आंगनबाड़ी केंद्रों को मिली प्री-स्कूल किट

आंगनबाड़ी केंद्रों को दी गई किट में कुर्सी, साइकिल सहित 22 से 23 प्रकार के उपकरण बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए उपलब्ध कराए गए हैं, ताकि गरीब परिवारों के बच्चे भी बेहतर ढंग से पढ़-लिख सकें और आगे बढ़ सकें। राज्यपाल ने निर्देश दिया कि योजनाओं के लिए जारी बजट का समयबद्ध उपयोग सुनिश्चित किया जाए।

विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में स्वच्छता पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि प्रत्येक 15 दिन में आधा घंटा निकालकर बच्चों के नाखून काटना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने आयुष्मान कार्ड योजना की सराहना करते हुए उसका लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर डीएम बद्रीनाथ सिंह ने राज्यपाल को स्मृति चिह्न एवं प्रेरणादायी पुस्तकें भेंट कीं।

100 बालिकाओं को लगाया गया एचपीवी वैक्सीन

महिलाओं में तेजी से बढ़ रहे सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए बालिका एवं किशोरियों के टीकाकरण पर विशेष जोर दिया जा रहा है। राज्यपाल की प्रेरणा से जिले की 100 बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन लगाई गई। राज्यपाल ने शिविर में पहुंचकर बालिकाओं का उत्साहवर्धन किया और उन्हें टीकाकरण प्रमाण पत्र प्रदान किए। उन्होंने सर्वाइकल कैंसर के खतरे के बारे में जागरूक करते हुए अन्य बालिकाओं को भी टीकाकरण के लिए प्रेरित करने की अपील की।

लाभार्थियों को वितरित की गई सामग्री

विकास भवन स्थित जनपद पंचायत रिसोर्स सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल ने 200 आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए प्री-स्कूल किट, पोषण अभियान के अंतर्गत 200 क्षय रोगियों को पोषण पोटली, 500 लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड, 50 लाभार्थियों को वनाधिकार पट्टा, 10 लाभार्थियों को मुख्यमंत्री आवास योजना के स्वीकृति पत्र तथा दो पात्रों को मोटराइज्ड दोना मशीन प्रदान की। इसके अलावा दस बेसहारा बच्चियों को 1100 रुपये का चेक भी दिया गया। बच्चों को चॉकलेट और टॉफी बांटकर प्रोत्साहित किया गया।

स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों की सराहना

कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रदर्शनी लगाई गई थी। राज्यपाल ने स्टॉलों का अवलोकन किया और किसानों से मोटे अनाज की खेती के बारे में जानकारी ली। स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा बनाए गए हस्तनिर्मित उत्पादों की सराहना करते हुए जिला प्रशासन को उनके उत्पादों को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। इस दौरान दो दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिल भी वितरित की गई।

कार्यक्रम में समाज कल्याण विभाग के राज्य मंत्री संजीव सिंह गोंड, जिला पंचायत अध्यक्ष राधिका पटेल, सदर विधायक भूपेश चौबे, विधायक घोरावल डॉ. अनिल कुमार मौर्य, अनुसूचित जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार, एसपी अभिषेक वर्मा, सीडीओ जागृति अवस्थी सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।