12 जुलाई को UP में ग्रीन उत्सव, 35 करोड़ पौधरोपण के लिए 2600 नर्सरियों से शुरू हुआ पौधों का वितरण
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 12 जुलाई को आयोजित होने वाले पौधरोपण महायज्ञ-2026 की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस वर्ष प्रदेश में 35 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए वन विभाग ने 2600 से अधिक नर्सरियों में कुल 57.62 करोड़ पौधे तैयार कर लिए हैं और मंडल, जनपद व विभिन्न विभागों को लगातार पौधों का वितरण किया जा रहा है।
वन विभाग के अनुसार, प्रदेश की 1939 वन नर्सरियों में 52.46 करोड़ पौधे तैयार किए गए हैं, जिनमें 12.68 करोड़ पुराने पौधे तथा 39.78 करोड़ नई उगान शामिल है। इसके अलावा 146 उद्यान नर्सरियों में 1.55 करोड़, 55 रेशम विभाग की पौधशालाओं में 44 लाख तथा 499 निजी पौधशालाओं में 3.17 करोड़ पौधे तैयार किए गए हैं।
इस महाअभियान में राज्य सरकार के साथ-साथ केंद्र सरकार के विभाग भी भागीदारी निभाएंगे। पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग सबसे अधिक 15.50 करोड़ पौधे लगाएगा। इसके अलावा ग्राम्य विकास विभाग 10 करोड़, कृषि विभाग 3.25 करोड़, उद्यान विभाग 1.50 करोड़, पंचायती राज विभाग 1.22 करोड़ और राजस्व विभाग एक करोड़ पौधों का रोपण करेगा।
अन्य विभागों में नगर विकास 45 लाख, जलशक्ति 23 लाख, उच्च शिक्षा 20 लाख, चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण 16 लाख, पशुपालन 15 लाख, रेशम तथा लोक निर्माण विभाग 14-14 लाख, बेसिक शिक्षा, एमएसएमई और रेलवे 12-12 लाख, माध्यमिक शिक्षा, अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास तथा गृह विभाग 10-10 लाख पौधे लगाएंगे। वहीं रक्षा मंत्रालय 7 लाख, ऊर्जा, सहकारिता और आवास एवं शहरी नियोजन विभाग 6-6 लाख, प्राविधिक शिक्षा 5 लाख तथा श्रम और परिवहन विभाग क्रमशः 4 लाख और 3 लाख पौधों का रोपण करेंगे।
मुख्य वन संरक्षक (प्रचार/प्रसार) अदिति शर्मा ने बताया कि पौधरोपण महायज्ञ-2026 के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर जनसहभागिता और सभी विभागों के संयुक्त प्रयास से इस वर्ष का पौधरोपण महायज्ञ अभूतपूर्व बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। 12 जुलाई को होने वाले इस अभियान के लिए सभी जनपदों, मंडलों और विभागों को निरंतर पौधों की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।
