Movie prime

घंटों इंतजार, फिर परीक्षा रद्द! CUET अभ्यर्थियों का फूटा गुस्सा, NTA के खिलाफ नारेबाजी

 
घंटों इंतजार, फिर परीक्षा रद्द! CUET अभ्यर्थियों का फूटा गुस्सा, NTA के खिलाफ नारेबाजी
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

नोएडा। नोएडा के सेक्टर-62 स्थित आदर्श परीक्षा केंद्र में शनिवार को आयोजित सीयूईटी (कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट) परीक्षा तकनीकी खामी के कारण रद्द करनी पड़ी, जिससे छात्रों और अभिभावकों में भारी नाराजगी देखने को मिली। परीक्षा रद्द होने के बाद केंद्र के बाहर छात्रों ने धरना-प्रदर्शन किया और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

जानकारी के अनुसार, सुबह नौ बजे निर्धारित परीक्षा में शामिल होने के लिए सैकड़ों अभ्यर्थी समय से परीक्षा केंद्र पहुंच गए थे। लंबी कतारों में इंतजार करने के बाद उन्हें परीक्षा कक्षों में प्रवेश दिया गया, लेकिन वहां भी अव्यवस्थाओं का सामना करना पड़ा। छात्रों का आरोप है कि उन्हें परीक्षा शुरू होने की उम्मीद में एक से दो घंटे तक कक्ष में बैठाए रखा गया, जबकि कई कमरों में पंखे भी नहीं चल रहे थे।

भीषण गर्मी के बीच अभ्यर्थी लगातार परीक्षा शुरू होने का इंतजार करते रहे, लेकिन तकनीकी खामी दूर नहीं हो सकी। अंततः परीक्षा रद्द करने की घोषणा कर दी गई, जिसके बाद छात्रों और उनके अभिभावकों का गुस्सा फूट पड़ा।

अभ्यर्थियों का कहना है कि उन्होंने कई महीनों तक इस परीक्षा की तैयारी की थी। 12वीं के बाद देश के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में प्रवेश के लिए आयोजित होने वाली इस महत्वपूर्ण परीक्षा के रद्द होने से उनके भविष्य को लेकर चिंता बढ़ गई है। छात्रों ने परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

परीक्षा केंद्र के बाहर देर तक विरोध-प्रदर्शन जारी रहा। अभिभावकों और छात्रों ने व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि तकनीकी तैयारियां पूरी नहीं थीं तो परीक्षा आयोजित करने से पहले उनकी जांच की जानी चाहिए थी। उनका कहना था कि प्रशासनिक लापरवाही का खामियाजा छात्रों को भुगतना पड़ रहा है।

फिलहाल, परीक्षा दोबारा कब आयोजित की जाएगी, इसे लेकर एनटीए की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।