Movie prime

अयोध्या में सड़क पर उतरे सैकड़ों वकील, चंपत राय समेत ट्रस्ट पदाधिकारियों पर FIR की मांग
 

 
 अयोध्या में सड़क पर उतरे सैकड़ों वकील, चंपत राय समेत ट्रस्ट पदाधिकारियों पर FIR की मांग
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

अयोध्या। राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले ने अब नया मोड़ ले लिया है। मामले को लेकर श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के भीतर ही आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गए हैं। पहली बार ट्रस्ट के सदस्य महंत दिनेंद्र दास महाराज ने मंदिर के सहायक प्रशासक गोपाल राव पर गंभीर आरोप लगाते हुए पूरे विवाद के लिए उन्हें जिम्मेदार ठहराया। वहीं दूसरी ओर, फैजाबाद बार एसोसिएशन के सैकड़ों अधिवक्ता सड़क पर उतर आए और ट्रस्ट के पदाधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की।

महंत दिनेंद्र दास महाराज ने कहा कि पूरे विवाद की जड़ गोपाल राव हैं। उनका आरोप है कि गोपाल राव मंदिर की परंपराओं का पालन नहीं करते और प्रशासनिक मामलों में राजनीति कर माहौल को उलझा रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के ट्रस्टी भगवान श्रीराम की परंपरा के अनुरूप कार्य करते हैं, लेकिन गोपाल राव के रवैये से विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है।

उधर, गुरुवार सुबह करीब 11:45 बजे फैजाबाद बार एसोसिएशन के नेतृत्व में 500 से अधिक अधिवक्ता प्रदर्शन करते हुए राम जन्मभूमि थाने की ओर रवाना हुए। प्रदर्शनकारियों ने ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय, ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा, गोपाल राव सहित अन्य जिम्मेदार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की। हालांकि पुलिस ने उन्हें बीच रास्ते में रोक दिया, जिसके बाद अधिवक्ताओं ने सिविल लाइन चौकी पहुंचकर लिखित शिकायत सौंपी।

बार एसोसिएशन के सचिव शैलेंद्र कुमार जायसवाल ने बताया कि शिकायत की पावती उन्हें मिल चुकी है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पुलिस एफआईआर दर्ज नहीं करती है तो मामले को हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट तक ले जाया जाएगा। पुलिस ने शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए कहा कि तहरीर के आधार पर नियमानुसार जांच और आगे की कार्रवाई की जाएगी।

प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ता सत्य प्रकाश मौर्य ने कहा कि जब तक एफआईआर दर्ज नहीं होगी, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि अयोध्या की छवि को नुकसान पहुंचा है और ट्रस्ट का पुनर्गठन कर नए लोगों को जिम्मेदारी सौंपनी चाहिए।

इस बीच, राम जन्मभूमि थाना पुलिस ने अधिवक्ताओं की तहरीर को दोपहर करीब 1:30 बजे जनरल डायरी (जीडी) में दर्ज कर लिया। शिकायत में चंपत राय, डॉ. अनिल मिश्रा, गोपाल राव और ट्रस्ट के अन्य जिम्मेदार सदस्यों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।

वहीं, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि राम जन्मभूमि आंदोलन से जुड़े लोगों ने वर्षों तक तपस्या की है और उन पर लगे आरोपों से सभी आहत हैं। उन्होंने कहा कि जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होगी। साथ ही उन्होंने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि इस मुद्दे को अनावश्यक रूप से राजनीतिक रंग दिया जा रहा है।