हिम्मत है तो... अयोध्या से चुनाव लड़कर दिखाएं', CM योगी को अखिलेश यादव की खुली चुनौती!
अयोध्या। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गुरुवार को अयोध्या दौरे के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा पर जमकर निशाना साधा। रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद तीसरी बार अयोध्या पहुंचे अखिलेश यादव ने इस बार भी राम मंदिर के दर्शन नहीं किए। उन्होंने अयोध्या विधानसभा सीट से सपा के घोषित प्रत्याशी तेज नारायण पाण्डेय उर्फ पवन पाण्डेय के कृष्णापुर स्थित आवास पर आयोजित श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण किया। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अयोध्या विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की खुली चुनौती दी।
हर सर्वे में पिछड़ रही भाजपा, अखिलेश यादव का दावा
मीडिया से बातचीत के दौरान अखिलेश यादव ने दावा किया कि जब से समाजवादी पार्टी ने अयोध्या विधानसभा सीट से अपना प्रत्याशी घोषित किया है, तब से भाजपा लगातार सर्वे करा रही है। उन्होंने कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि हर सर्वे में भाजपा पिछड़ रही है।
सपा अध्यक्ष ने तंज कसते हुए कहा कि सुनने में आ रहा है कि भाजपा को अयोध्या से चुनाव लड़ने के लिए नया प्रत्याशी तक नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में अयोध्या की जनता भाजपा को जवाब देगी।
सीएम योगी को अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती
अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सीधी चुनौती देते हुए कहा कि यदि मुख्यमंत्री अयोध्या में कराए गए विकास कार्यों को लेकर इतने ही आश्वस्त हैं, तो खुद यहां से विधानसभा चुनाव लड़कर दिखाएं।
उन्होंने कहा कि दूध का दूध और पानी का पानी करने का दावा करने वालों का इस बार जनता 'पानी' उतार देगी। सपा प्रमुख ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आगामी चुनाव में अयोध्या ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश की जनता जवाब देगी।
सपा सरकार बनने पर महिलाओं को सालाना 40 हजार रुपये देने का वादा
अखिलेश यादव ने कहा कि वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर अयोध्या के विकास को नई गति दी जाएगी। उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार में किसी के साथ भेदभाव नहीं होगा और विकास योजनाओं का अधिकतम लाभ स्थानीय लोगों को मिलेगा।
उन्होंने कहा कि जिस तरह पूर्व में समाजवादी पेंशन योजना संचालित की गई थी, उसी तरह सरकार बनने पर महिलाओं को हर साल 40 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
सपा अध्यक्ष ने यह भी कहा कि अयोध्या की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक स्तर पर और मजबूत करने के लिए उनकी सरकार आवश्यक कदम उठाएगी।
भागवत कथा में बोले अखिलेश- प्रेम, दया और अपनापन ही सबसे बड़ा धर्म
पूर्व मंत्री पवन पाण्डेय के आवास पर आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में शामिल होने के बाद अखिलेश यादव ने धार्मिक और आध्यात्मिक मूल्यों पर भी अपने विचार रखे।
उन्होंने कहा कि अयोध्या प्रभु श्रीराम की जन्मस्थली है और यहां सभी हरिभक्त मिलकर जय राधे-श्याम का उद्घोष कर रहे हैं। यही इस नगरी की खूबसूरती है।
अखिलेश यादव ने कहा कि बचपन से रामायण और महाभारत की कथाएं सुनते आए हैं। उनके लिए प्रभु श्रीराम और प्रभु श्रीकृष्ण एक समान हैं। उन्होंने कहा कि भागवत कथा मन और मनोबल को मजबूत करने के साथ जीवन जीने की सीख देती है।
उन्होंने सत्ता की एजेंसियों पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि उन्हें भागवत कथा से सीख लेनी चाहिए कि प्रेम, दया और अपनापन ही सबसे बड़ा धर्म है।
अयोध्या से पवन पाण्डेय को प्रत्याशी बना चुकी है सपा
गौरतलब है कि समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के लिए अयोध्या सीट से पूर्व मंत्री तेज नारायण पाण्डेय उर्फ पवन पाण्डेय को अपना प्रत्याशी घोषित किया है।
ऐसे में विधानसभा चुनाव से पहले अखिलेश यादव का अयोध्या दौरा राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। एक ओर उन्होंने श्रीमद्भागवत कथा में शामिल होकर धार्मिक संदेश दिया, तो दूसरी ओर भाजपा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर तीखे राजनीतिक हमले किए।
