Movie prime

लखनऊ में नौसेना शौर्य वाटिका का लोकार्पण, CM योगी बोलें- सैनिक हैं तो हम सुरक्षित हैं

 
लखनऊ में नौसेना शौर्य वाटिका का लोकार्पण, CM योगी बोलें- सैनिक हैं तो हम सुरक्षित हैं
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

Lucknow : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारतीय दर्शन में “अहिंसा परमो धर्मः, धर्म हिंसा तथैव च” की परंपरा है, जिसमें सामान्य जीवन में अहिंसा सर्वोच्च धर्म है, लेकिन जब देश और समाज की सुरक्षा पर खतरा उत्पन्न हो तो उसका मुकाबला करना भी धर्म का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि देश के दुश्मनों के खिलाफ भारतीय सेना पूरी मजबूती से अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रही है।

मुख्यमंत्री शनिवार को राजधानी लखनऊ में 19 करोड़ रुपये की लागत से 2 एकड़ से अधिक क्षेत्र में निर्मित नौसेना शौर्य वाटिका (नौसेना शौर्य संग्रहालय के द्वितीय चरण) के लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री के साथ इस परियोजना का उद्घाटन किया।

नौसेना शौर्य वाटिका का लोकार्पण

इस अवसर पर नौसेना बैंड की प्रस्तुति ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। यह वाटिका भारतीय नौसेना के शौर्य, पराक्रम और इतिहास को प्रदर्शित करती है, जिससे युवाओं को सेना के जीवन और उसकी चुनौतियों को समझने का अवसर मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह केंद्र युवाओं में राष्ट्रभक्ति और प्रेरणा का संचार करेगा तथा उन्हें यह समझने में मदद करेगा कि हमारे सैनिक किन कठिन परिस्थितियों में देश की सीमाओं की रक्षा करते हैं।

सुरक्षा मजबूत होगी तो दुनिया भी करेगी सम्मान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जब कोई देश सुरक्षा के मोर्चे पर मजबूत होता है तो दुनिया भी उसके साथ मैत्रीपूर्ण संबंध बनाना चाहती है। उन्होंने कहा कि कमजोर राष्ट्रों की कोई सुनवाई नहीं करता, इसलिए भारत को हर स्तर पर मजबूत बनाना जरूरी है।

सैनिकों के त्याग को किया नमन

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब भारतीय सेना के जवान माइनस तापमान, रेगिस्तान की भीषण गर्मी और समुद्री परिस्थितियों में सीमाओं की रक्षा करते हैं, तब 140 करोड़ देशवासी सुरक्षित जीवन जीते हैं। उन्होंने कहा कि सैनिकों के सम्मान और उनके प्रति कृतज्ञता का भाव हर नागरिक के मन में होना चाहिए।

विकास और सुरक्षा का गहरा संबंध

सीएम योगी ने कहा कि सुरक्षा का बेहतर माहौल होने पर ही विकास की योजनाएं प्रभावी ढंग से लागू होती हैं। उन्होंने 2017 से पहले की स्थिति का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय प्रदेश में असुरक्षा का माहौल था, जिससे निवेश और विकास प्रभावित हुआ।

नौसेना संग्रहालय और युवाओं के लिए प्रेरणा

मुख्यमंत्री ने कहा कि लखनऊ में नौसेना शौर्य संग्रहालय जैसे केंद्र युवाओं को भारतीय सेना की गौरवशाली परंपरा से जोड़ते हैं। उन्होंने कहा कि आईएनएस गोमती को संरक्षित कर इस रूप में स्थापित करना एक प्रेरणादायक कदम है, जो आने वाली पीढ़ियों में देशभक्ति की भावना को मजबूत करेगा।

कार्यक्रम में नौसेना अध्यक्ष एडमिरल दिनेश के. त्रिपाठी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी, उपमुख्यमंत्री और मंत्रीगण उपस्थित रहे।