International Yoga Day 2026: 21 जून को बनेगा रिकॉर्ड! यूपी के 1.42 करोड़ छात्र करेंगे सामूहिक योगाभ्यास
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 पर उत्तर प्रदेश में 1.42 करोड़ से अधिक छात्र-छात्राएं सामूहिक योगाभ्यास करेंगे। 1.32 लाख परिषदीय विद्यालयों और 746 कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में विशेष कार्यक्रम आयोजित होंगे। योगी सरकार ने व्यापक तैयारियां पूरी कर शिक्षा निदेशक को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है।
International Yoga Day 2026: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 को जनआंदोलन का स्वरूप देने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में 21 जून को प्रदेश के 1.32 लाख परिषदीय विद्यालयों में लगभग 1.42 करोड़ छात्र-छात्राएं सामूहिक योगाभ्यास करेंगे। इसके साथ ही 746 कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में अध्ययनरत 78 हजार से अधिक छात्राएं भी योग कार्यक्रमों में भाग लेंगी।
योगी सरकार का लक्ष्य योग को केवल एक दिवस तक सीमित न रखकर स्वस्थ जीवनशैली और जनजागरूकता का स्थायी माध्यम बनाना है। इसी उद्देश्य से विद्यार्थियों, शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों और अभिभावकों की व्यापक सहभागिता सुनिश्चित की गई है।
शिक्षा निदेशक बनाए गए नोडल अधिकारी
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रमों के प्रभावी संचालन और अनुश्रवण के लिए शिक्षा निदेशक (बेसिक) अनिल भूषण चतुर्वेदी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। बेसिक शिक्षा विभाग ने सभी मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशकों, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों और खंड शिक्षा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।
विद्यालयों में होगा सामूहिक योगाभ्यास और प्राणायाम
बेसिक शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार 21 जून को प्रदेशभर के विद्यालयों में सामूहिक योगाभ्यास, प्राणायाम तथा योग के महत्व पर आधारित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विद्यार्थियों को योग के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक लाभों की जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा अभिभावकों और स्थानीय समुदाय की सहभागिता भी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि योग का संदेश समाज के व्यापक वर्ग तक पहुंच सके।
गांव से शहर तक दिखेगा योगमय वातावरण
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रदेश के गांवों से लेकर शहरों तक विद्यालय परिसर योगमय वातावरण के साक्षी बनेंगे। सरकार का मानना है कि योग बच्चों में अनुशासन, एकाग्रता, सकारात्मक सोच और बेहतर स्वास्थ्य विकसित करने का प्रभावी माध्यम है।
नई पीढ़ी को स्वस्थ और आत्मविश्वासी बनाने पर जोर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में पिछले कुछ वर्षों से विद्यालयी शिक्षा के साथ योग को जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। नियमित योग गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने और तनावमुक्त जीवनशैली विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।
सरकार का मानना है कि 21 जून का यह विशाल आयोजन न केवल योग की वैश्विक पहचान को और मजबूत करेगा, बल्कि नई पीढ़ी को स्वस्थ, जागरूक और आत्मविश्वासी बनाने के संकल्प को भी नई ऊर्जा प्रदान करेगा।
योग दिवस पर बनेगा नया रिकॉर्ड
इस बार अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर उत्तर प्रदेश में 1.42 करोड़ से अधिक छात्र-छात्राओं की भागीदारी के साथ सामूहिक योगाभ्यास का आयोजन होने जा रहा है। यह देश के सबसे बड़े विद्यालय आधारित योग अभियानों में से एक माना जा रहा है, जो योग को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
