जापान दौरे के पहले दिन 11 हजार करोड़ के निवेश समझौते, औद्योगिक सहयोग को मिली नई रफ्तार
जापान दौरे पर पहुंचे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पहले ही दिन औद्योगिक निवेश के क्षेत्र में बड़ी सफलता हासिल हुई। विभिन्न जापानी कंपनियों के साथ करीब 11 हजार करोड़ रुपये के समझौता ज्ञापनों (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इन समझौतों को भारत और जापान के बीच औद्योगिक सहयोग को नई गति देने वाला महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
जिन प्रमुख कंपनियों के साथ करार हुआ है, उनमें Kubota Corporation, Minda Corporation, Japan Aviation Electronics Industry, Nagase & Co., Ltd., Seiko Advance Ltd., O एंड O ग्रुप, फूजी जैपनीज जेवी और फूजीसिल्वरटेक कंक्रीट प्रा. लि. शामिल हैं। ये समझौते कृषि यंत्र निर्माण, औद्योगिक मशीनरी, ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स, जल एवं पर्यावरण अवसंरचना, औद्योगिक प्रिंटिंग, हॉस्पिटैलिटी और रियल एस्टेट जैसे विविध क्षेत्रों से जुड़े हैं।
कुबोता के साथ कृषि और मशीनरी क्षेत्र में विस्तार
1890 में स्थापित Kubota Corporation का मुख्यालय ओसाका में स्थित है और यह कृषि व औद्योगिक मशीनरी निर्माण में वैश्विक पहचान रखती है। कंपनी ट्रैक्टर, हार्वेस्टर, इंजन और निर्माण उपकरण के साथ-साथ पाइप, पंप और ट्रीटमेंट सिस्टम जैसे जल एवं पर्यावरण समाधान भी प्रदान करती है।
भारत में कंपनी Escorts Kubota Limited के सहयोग से विनिर्माण क्षमता का विस्तार कर रही है, जिससे फार्म मैकेनाइजेशन क्षेत्र को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
ऑटोमोटिव और इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर को बढ़ावा
Minda Corporation, जो स्पार्क मिंडा समूह का हिस्सा है, मैक्ट्रॉनिक्स, वायरिंग हार्नेस, सेंसर, प्लास्टिक इंटीरियर और ईवी समाधान के लिए जानी जाती है।
वहीं Japan Aviation Electronics Industry (जेएई) ऑटोमोटिव और एयरोस्पेस सेक्टर के लिए एडवांस कनेक्टर्स और इलेक्ट्रॉनिक इंटरफेस समाधान में विशेषज्ञता रखती है।
Nagase & Co., Ltd. केमिकल्स, एडवांस्ड मैटेरियल्स, मोबिलिटी सॉल्यूशंस और इलेक्ट्रॉनिक्स के क्षेत्र में सक्रिय एक विविधीकृत जापानी ट्रेडिंग और टेक्नोलॉजी कंपनी है। इन कंपनियों के सहयोग से ऑटोमोटिव इलेक्ट्रॉनिक्स और एडवांस कंपोनेंट मैन्युफैक्चरिंग को नया प्रोत्साहन मिलने की संभावना है।
औद्योगिक प्रिंटिंग और अन्य क्षेत्रों में निवेश
Seiko Advance Ltd. उच्च प्रदर्शन स्क्रीन प्रिंटिंग इंक और कोटिंग सॉल्यूशंस के लिए जानी जाती है। इसके उत्पाद ऑटोमोटिव डीकल्स, इंडस्ट्रियल ग्राफिक्स, इलेक्ट्रॉनिक्स पैनल, ग्लास प्रिंटिंग और कंज्यूमर अप्लायंसेज में उपयोग होते हैं। कंपनी भारत में अपनी विनिर्माण इकाई के जरिए विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों को आपूर्ति कर रही है।
इसके अलावा ओ एंड O ग्रुप ने हॉस्पिटैलिटी और रियल एस्टेट क्षेत्र में निवेश को लेकर समझौता किया है।
पहले दिन हुए इन समझौतों से उत्तर प्रदेश में विनिर्माण क्षमता के विस्तार, रोजगार सृजन और औद्योगिक सहयोग को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। यह पहल भारत-जापान संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
