ढाई साल बाद खत्म हुआ ज्योति मौर्या–आलोक मौर्य विवाद, साथ रहने को हुए राजी
प्रयागराज: यूपी की पीसीएस अधिकारी ज्योति मौर्या और उनके पति आलोक मौर्य के बीच लंबे समय से चल रहा विवाद अब खत्म हो गया है। करीब ढाई साल तक चले इस हाई-प्रोफाइल विवाद का सुखद अंत हो गया है और दोनों एक बार फिर साथ रहने को तैयार हो गए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, दोनों के बीच आपसी समझौता हो गया है और फिलहाल वे नोएडा में परिवार के साथ रह रहे हैं। बताया जा रहा है कि परिवार और करीबी लोगों की पहल के बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई, जिसके बाद यह समझौता संभव हो पाया।
ज्योति मौर्या का हाल ही में प्रमोशन हुआ है और वह इस समय नोएडा में तैनात हैं। वहीं, आलोक मौर्य भी अपने भविष्य को संवारने में जुटे हैं और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। इस बार वह यूपीपीसीएस परीक्षा के इंटरव्यू तक पहुंचे थे, हालांकि अंतिम चयन सूची में जगह नहीं बना सके।
गौरतलब है कि ज्योति मौर्या और आलोक मौर्य की शादी वर्ष 2010 में हुई थी। शादी के कुछ साल बाद, 2015 में ज्योति मौर्या का चयन पीसीएस में हुआ और उन्होंने एसडीएम के रूप में जिम्मेदारी संभाली। इसके बाद ही दोनों के रिश्तों में तनाव बढ़ने लगा।
आलोक मौर्य ने आरोप लगाया था कि उन्होंने पत्नी की पढ़ाई में पूरा सहयोग दिया, लेकिन अधिकारी बनने के बाद उन्हें नजरअंदाज किया गया। इस दौरान दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर कई गंभीर आरोप भी लगाए गए थे।
