उत्तर प्रदेश में अब रविवार को भी होगी जमीन रजिस्ट्री, 9 शहरों में नई सुविधा शुरू
लखनऊ I उत्तर प्रदेश में जमीन-जायदाद की रजिस्ट्री कराने के लिए अब लोगों को कामकाजी दिनों में दफ्तर से छुट्टी लेने की जरूरत नहीं पड़ेगी। योगी आदित्यनाथ सरकार ने आम जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक बड़ा फैसला लिया है, जिसके तहत अब प्रदेश के 9 बड़े शहरों में रविवार को भी रजिस्ट्री कार्यालय खुले रहेंगे।
यह नई व्यवस्था 19 अप्रैल 2026 से लागू हो चुकी है और फिलहाल इसे पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर शुरू किया गया है। इस पहल का मकसद कामकाजी लोगों को राहत देना और सरकारी राजस्व में वृद्धि करना है।
रविवार को रजिस्ट्री की सुविधा लखनऊ, कानपुर नगर, वाराणसी, गौतम बुद्ध नगर, गाजियाबाद, मेरठ, आगरा, अलीगढ़ और सहारनपुर में शुरू की गई है।
जहां एक से अधिक उप-निबंधक कार्यालय हैं, वहां ‘रोस्टर सिस्टम’ लागू किया गया है। यानी हर रविवार को शहर का कोई न कोई एक कार्यालय खुला रहेगा, जिससे लोगों को सुविधा मिल सके।
इस नई व्यवस्था के पहले ही दिन, 19 अप्रैल को मेरठ में कुल 27 बैनामे दर्ज किए गए। हालांकि शुरुआती दिन में जागरूकता की कमी और कुछ तकनीकी कारणों के चलते काम सीमित रहा।
सरकार को उम्मीद है कि इस पहल से न केवल लोगों को सहूलियत मिलेगी, बल्कि रजिस्ट्री की संख्या बढ़ने से राज्य के राजस्व में भी अच्छी बढ़ोतरी होगी।
