लखनऊ में बैरिकेडिंग तोड़ विधानसभा के सामने धरने पर बैठे वकील, अधिवक्ता सुरक्षा कानून की मांग
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में अधिवक्ता सुरक्षा कानून लागू करने की मांग को लेकर शनिवार, 14 नवंबर को वकीलों ने विधानसभा के सामने धरना दिया। कैसरबाग कचहरी परिसर से पैदल मार्च निकालकर विधानसभा की ओर बढ़ रहे वकीलों को पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर रोकने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की हुई। वकील बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़े और विधानसभा के सामने सड़क पर बैठकर नारेबाजी करने लगे।
प्रदर्शन को देखते हुए विधानसभा मार्ग और हजरतगंज में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की, लेकिन वे पीछे हटने को तैयार नहीं हुए। प्रदर्शन के दौरान कैसरबाग कचहरी के पास हाल में वकीलों के चैंबर हटाए जाने का भी विरोध किया गया।
क्या है अधिवक्ता सुरक्षा कानून की मांग?
वकील चाहते हैं कि प्रदेश सरकार ऐसा कानून लाए, जो उन्हें पेशेवर काम के दौरान हमलों, धमकियों और उत्पीड़न से सुरक्षा दे। प्रदर्शनकारी अधिवक्ताओं का कहना है कि काम के दौरान उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है।
