लेखपाल मुख्य परीक्षा पर अफवाह फैलाने वालों पर सख्ती, UPSSSC ने कहा- परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष रही
लखनऊ I उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने लेखपाल मुख्य परीक्षा को लेकर सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर कड़ा रुख अपनाया है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि 21 मई 2026 को आयोजित लेखपाल मुख्य परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष, नकलविहीन और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई गई है।
आयोग द्वारा जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार, लेखपाल मुख्य परीक्षा प्रदेश के 44 जिलों में बनाए गए 861 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई थी। आयोग ने बताया कि परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने के बावजूद कुछ लोग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भ्रामक दावे और गलत विश्लेषण प्रसारित कर रहे हैं, जिससे अभ्यर्थियों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा हो रही है।
आयोग ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे किसी भी अपुष्ट खबर या अफवाह पर ध्यान न दें। आयोग का कहना है कि परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा पूरी भर्ती प्रक्रिया नियमों के अनुसार संचालित की जा रही है।
इसके साथ ही आयोग ने चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया पर अभ्यर्थियों को गुमराह करने या भड़काने वाली झूठी खबरें फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। आयोग ने कहा कि ऐसे मामलों में पुलिस प्रशासन के सहयोग से आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
आयोग ने दोहराया कि भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष बनाए रखने के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं की गई थीं और परीक्षा संचालन के दौरान हर स्तर पर सावधानी बरती गई।
