Movie prime

तेज आंधी में 50 फीट ऊपर उड़े नन्हे मियां, खेत में गिरने से हाथ-पैर टूटे; बोले- हमें नहीं पता था....
 

 
 तेज आंधी में 50 फीट ऊपर उड़े नन्हे मियां, खेत में गिरने से हाथ-पैर टूटे; बोले- हमें नहीं पता था....
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बुधवार को आए भीषण आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचा दी। तेज हवाओं, बिजली गिरने और तूफान की वजह से अब तक 89 लोगों की मौत की खबर है, जबकि करीब 53 लोग घायल बताए जा रहे हैं। इसके अलावा 114 मवेशियों की मौत और घरों-दुकानों को बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचने की जानकारी सामने आई है।

इसी बीच बरेली से एक चौंकाने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक शख्स तेज आंधी के दौरान बारातघर के टीनशेड के पोल की रस्सी पकड़े दिखाई देता है। तभी हवा का तेज झोंका आता है और शख्स करीब 50 फीट ऊपर हवा में उड़कर खेतों में जा गिरता है।

घटना में घायल शख्स की पहचान 50 वर्षीय नन्हे मियां पुत्र वहीद अंसारी के रूप में हुई है, जो भमोरा इलाके के बबियाना गांव के निवासी हैं। हादसे में उनके हाथ-पैर टूट गए और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

देखें विडियो - 

https://youtube.com/shorts/LnKzmMKM3-E

रस्सी पकड़ी थी, हवा हमें ही उड़ाकर ले गई

मीडिया से बातचीत में नन्हे मियां ने बताया कि वह टीनशेड को उड़ने से बचाने के लिए लोहे के पोल की रस्सी पकड़कर खड़े थे। इसी दौरान तेज हवा का झोंका आया और वह खुद हवा के साथ ऊपर उठ गए।

नन्हे मियां ने कहा, “हवा आई और हमें नहीं पता था कि कितनी तेज आई। मैंने रस्सी पकड़ी हुई थी और हवा के साथ करीब 50 फीट ऊपर चला गया। कुछ दिखाई नहीं दे रहा था। काफी चोटें आई हैं और सांस लेने में भी दिक्कत हो रही है।”

उन्होंने बताया कि उस समय उनके साथ कुछ और लोग भी मौजूद थे, लेकिन किसी और को चोट नहीं आई। दोपहर में अचानक मौसम बदल गया था और तेज हवा की वजह से टीनशेड उड़ने लगा था। लोगों ने उसे रोकने के लिए रस्सी पकड़ ली, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि हवा इतनी खतरनाक साबित होगी।

फिलहाल नन्हे मियां का अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि उनका वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।