प्यार, धोखा और कत्ल: तीन बार भांजे के संग भागी, फिर रेत दिया पति का गला
शाहजहांपुर I शाहजहांपुर जिले के पुवायां थाना क्षेत्र के भटपुरा चंदू गांव में एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है। यहां 30 वर्षीय बलराम की रात में गला रेतकर हत्या कर दी गई। पुलिस पूछताछ में बलराम की पत्नी पूजा ने कबूल किया कि उसने अपने प्रेमी (भांजे) आदेश के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। पूजा ने पति के पैर दबोचे, जबकि आदेश ने चाकू से गला काटा और उसके दो साथियों ने हाथ पकड़े रखे।
पूजा ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी बलराम से 10 वर्ष पहले हुई थी। एक साल पहले बलराम के भांजे आदेश से उसका प्रेम प्रसंग शुरू हो गया। आदेश ने कई बार पूजा से कहा कि वह मामा की हत्या कर दे, ताकि दोनों आराम से साथ रह सकें। पूजा ने हर बार मना किया, लेकिन अंत में मजबूरन साथ देना पड़ा।
घटना की रात बड़ी बेटी गांव में कथा सुनने गई थी, इसलिए पूजा ने दरवाजा खुला छोड़ दिया। बलराम बरामदे में चारपाई पर सो रहा था और मोबाइल चला रहा था, जबकि पूजा पास में पुआल पर लेटी थी। रात करीब 12 बजे आदेश अपने दो साथियों के साथ आया और खुले दरवाजे से घर में घुस गया। पूजा ने पति के पैर दबोचे, साथियों ने हाथ पकड़े और आदेश ने चाकू से गला रेत दिया। हत्या के बाद आदेश और उसके साथी फरार हो गए।
हत्या के बाद पूजा ने गहरा पछतावा जताया और पूरी रात शव के पास बैठी रही। सुबह देवर राजू के आने पर उसने रोते हुए हत्या की बात बताई। पुलिस ने पूजा को हिरासत में लिया, जहां उसने बार-बार बयान बदले और खुद को बचाने की कोशिश की, लेकिन अंत में सारी साजिश कबूल ली।
पूजा ने बताया कि वह एक साल में तीन बार आदेश के साथ भाग चुकी थी। पहली बार आदेश के गांव सलेमपुर डर्रा (सीतापुर) में संबंध बने, फिर दो बार और भागी, जिसमें एक बार गर्भवती भी हुई लेकिन गर्भपात करा दिया। हर बार पंचायत या पुलिस ने उसे घर भेजा, लेकिन बलराम ने फिर भी उसे साथ रख लिया।
आदेश पुताई का काम करता है और फर्नीचर दुकान पर भी जाता था। उसके पिता के पास सिर्फ दो बीघा जमीन है। गांव में उसकी साफ-सुथरी छवि थी, इसलिए लोगों को हत्या की खबर सुनकर हैरानी हुई।
पुलिस ने हत्या में शामिल कंपनी के एक कर्मचारी को भी हिरासत में लिया है, जिससे पूछताछ जारी है। बलराम ओपन जिम में इंटरलॉकिंग बिछाने का काम करता था, जिससे परिवार चलता था।
यह मामला अवैध संबंधों और प्रेम जुनून में पति की हत्या का एक और दर्दनाक उदाहरण बन गया है। पुलिस आरोपी आदेश और उसके साथियों की तलाश में जुटी है।
