Lucknow Court Clash: हाईकोर्ट आदेश के बाद लखनऊ कचहरी में चला बुलडोजर, वकीलों और पुलिस में भिड़ंत
लखनऊ कचहरी में अवैध चैंबर हटाने पहुंचे नगर निगम और प्रशासन की टीम का वकीलों ने विरोध किया। हाईकोर्ट के आदेश पर बुलडोजर कार्रवाई के दौरान पुलिस और वकीलों में भिड़ंत हुई। हंगामे के बीच पुलिस ने बल प्रयोग कर प्रदर्शनकारियों को हटाया। इलाके में भारी फोर्स तैनात रही।
लखनऊ: इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश पर रविवार सुबह राजधानी लखनऊ की कैसरबाग कचहरी में अवैध चैंबर हटाने पहुंचे नगर निगम और प्रशासन की टीम का वकीलों ने जोरदार विरोध किया। कार्रवाई के दौरान वकीलों और पुलिसकर्मियों के बीच भिड़ंत हो गई। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने बल प्रयोग करते हुए प्रदर्शन कर रहे वकीलों को हटाया।
जानकारी के मुताबिक, हाईकोर्ट ने स्वास्थ्य भवन और कचहरी परिसर के आसपास बने करीब 240 अवैध चैंबरों को हटाने का निर्देश दिया था। इसके बाद नगर निगम की ओर से पहले नोटिस जारी कर वकीलों को खुद अतिक्रमण हटाने का समय दिया गया था। निर्धारित समय समाप्त होने के बाद रविवार को प्रशासन ने बुलडोजर के जरिए कार्रवाई शुरू कर दी।
कार्रवाई के दौरान भारी संख्या में वकील मौके पर जुट गए और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। प्रदर्शन कर रहे वकीलों ने “गो बैक” और “पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद” के नारे लगाए। स्थिति तनावपूर्ण होती देख मौके पर पहले से तैनात पीएसी और पुलिस बल ने मोर्चा संभाला। हंगामा बढ़ने पर पुलिस ने बल प्रयोग कर भीड़ को हटाया।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, स्वास्थ्य भवन चौराहे से चकबस्त चौराहे तक, सदर तहसील, निबंधन कार्यालय, रेजिडेंसी मार्ग और जिला सत्र न्यायालय के आसपास सड़क किनारे अवैध चैंबर बनाए गए थे। इन अतिक्रमणों की वजह से सड़कें संकरी हो गई थीं और यातायात प्रभावित हो रहा था। लंबे समय से मिल रही शिकायतों के बाद हाईकोर्ट के निर्देश पर यह अभियान शुरू किया गया।
वहीं प्रदर्शन कर रहे वकीलों का कहना है कि बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था के उनके चैंबर हटाए जा रहे हैं, जिससे उनके रोजमर्रा के कामकाज पर गंभीर असर पड़ेगा। वकीलों ने प्रशासन पर जल्दबाजी में कार्रवाई करने का आरोप लगाया।
प्रशासन का कहना है कि कोर्ट के आदेश का पालन कराया जा रहा है और सभी अवैध कब्जे हटने तक अभियान जारी रहेगा। तनाव को देखते हुए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
